ईरान के तेल क्षेत्र पर प्रतिबंध नहीं लगाएगा ईयू - Zee News हिंदी

ईरान के तेल क्षेत्र पर प्रतिबंध नहीं लगाएगा ईयू




तेहरान : ईरान के पेट्रोलियम मंत्री रुस्तम कासमी ने रविवार को भविष्यवाणी करते हुए कहा कि यूरोपीय संघ ईरान के तेल क्षेत्र पर कोई नया प्रतिबंध नहीं लगाएगा क्योंकि तेल आपूर्ति में बाधा से वैश्विक तेल बाजार प्रभावित होगा। ईरान इस समय दुनिया में प्रमुख तेल उत्पादकों में से एक है और ईरान के बगैर वैश्विक तेल बाजार प्रभावित होगा।

 

उन्होंने कहा, यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों से वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में जबरदस्त तेजी आएगी। उल्लेखनीय है कि शुक्रवार को यूरोपीय संघ ने कहा कि अगर ईरान अपने विवादित परमाणु कार्यक्रम पर अंतरराष्ट्रीय समुदाय का सहयोग नहीं करता है तो ईयू अगले महीने से ईरान पर नए प्रतिबंध लगाने पर विचार कर सकता है।

 

यूरोपीय संघ के कुछ देश ईरानी तेल पर प्रतिबंध लगाने की मांग कर रहे हैं जिसके मद्देनजर ईरान के सांसदों ने चेतावनी दी कि ऐसे किसी भी कदम से वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें 250 डालर प्रति बैरल तक पहुंच जाएंगी जो अभी 100 डालर प्रति बैरल के आसपास हैं। यूरोपीय संघ इस महीने 180 ईरानी व्यक्तियों एवं फर्मों को काली सूची में डालकर पहले ही ईरान के खिलाफ पाबंदियां सख्त कर चुका है।  (एजेंसी)

 

First Published: Monday, December 12, 2011, 00:37

comments powered by Disqus