एस एंड पी पर बिफरा यूरोपीय संघ - Zee News हिंदी

एस एंड पी पर बिफरा यूरोपीय संघ

ब्रुसेल्स : यूरोपीय संघ के आर्थिक मामलों के आयुक्त ओली रेहन ने फ्रांस और इटली सहित यूरोपीय संघ के नौ देशों की ऋण साख घटाने के स्टैण्डर्ड एंड पूअर्स (एस एंड पी) के फैसले की आलोचना करते हुए इसे विसंगतिपूर्ण बताया है।

 

रेहन ने यहां जारी एक वक्तव्य में कहा, ‘मुझे स्टैण्डर्ड एण्ड पुअर्स के इस न टिकने वाले फैसले पर खेद है। खासकर ऐसे समय जब जब यूरो क्षेत्र के सभी सदस्य देश संकट के विभिन्न क्षेत्रों में निर्णायक कारवाई कर रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ‘इन प्रयासों से हमारे सदस्य देशों में जरुरी वित्तीय मजबूती और ढांचागत सुधार कार्यों को आगे बढाने में मदद मिलेगी। इससे बैंकिंग क्षेत्र की कमियों को दूर करने और आर्थिक क्षेत्र की संचालन व्यवस्था मजबूत होगी।’

 

रेहन ने कहा यूरोपीयाई केन्द्रीय बैंक के साथ मिलकर यूरोपीय संघ ने जो निर्णय लिये हैं उनसे सरकारी बांड बाजार में जो तनाव बना हुआ था वह हल्का पड़ा है। उन्होंने कहा कि यूरोपीय क्षेत्र में स्थायित्व के लिए सदस्य देशों की सरकारों ने जो स्थायित्व प्रणाली तय की है वह यूरोपीय वित्तीय स्थायित्व सुविधा का स्थान लेगी। इसका अपना पूंजी आधार होगा और इससे यह सदस्य देशों की रेटिंग में बदलाव के मामले में कम नुकसानदेह होगी। (एजेंसी)

First Published: Saturday, January 14, 2012, 18:27

comments powered by Disqus