Last Updated: Saturday, November 10, 2012, 14:37

नई दिल्ली : कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धनतेरस की पूजा के साथ ही दीपावली के आयोजन शुरू हो जाते हैं। कारोबारियों के लिए धनतेरस का खास महत्व होता है क्योंकि धारणा है कि इस दिन लक्ष्मी पूजा से समृद्धि, खुशियां और सफलता मिलती है।
दिल्ली विश्वविद्यालय के संस्कृत विभाग के सेवानिवृत्त प्राध्यापक सी के मिश्र ने बताया ‘हिंदू कैलेंडर के अनुसार, धनतेरस कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को मनाया जाता है। इसके ठीक दो दिन बाद दीपावली मनाई जाती है। ‘धन’ का मतलब समृद्धि और ‘तेरस’ का मतलब तेरहवां दिन होता है।’ उन्होंने कहा कि धनतेरस के दिन से दीपावली आयोजनों की शुरूआत हो जाती है। घरों, कार्यालयों और कारोबारी प्रतिष्ठानों में सफाई की जाती है और उन्हें रोशनी, फूलों तथा रंगोली से सजाया जाता है। द्वार पर चावल के आटे से रंगोली सजाई जाती है और लक्ष्मी के स्वागत की तैयारियां की जाती हैं। लक्ष्मी के पैरों के संकेत के तौर पर रंगोली से घर के अंदर तक छोटे छोटे पैरों के चिह्न बनाए जाते हैं। शाम को 13 दिए जला कर लक्ष्मी की पूजा की जाती है। माना जाता है कि इस दिन लक्ष्मी पूजा से समृद्धि, खुशियां और सफलता मिलती है।
चांदनी चौक में पिछले 30 साल से बर्तनों की दुकान चला रहे भगवानदास तीरथदास पंजवानी ने कहा ‘हम कारोबारियों के लिए यह दिन खास महत्व रखता है। इस दिन अक्सर लोग नया सामान खरीदते हैं और पूरे साल के कारोबार का लगभग 40 से 50 फीसदी व्यवसाय इस दिन हो जाता है। हमें इस दिन का बेसब्री से इंतजार रहता है। इस दिन तो हमारी दुकान सुबह सात बजे ही खुल जाती है।’
पंजवानी ने कहा कि सौभाग्य सूचक के तौर पर इस दिन लोग सोना या चांदी या बर्तन खरीदते हैं। जमीन, कार खरीदने, निवेश करने और नए उद्योग की शुरूआत के लिए भी यह दिन शुभ माना जाता है। गांवों में इस दिन लोग पशुओं की पूजा करते हैं। वह मानते हैं कि उनकी आजीविका पशुओं से चलती है इसलिए आय के स्रोत के तौर पर उनकी पूजा करना चाहिए। दक्षिण भारत में इस दिन गायों को खूब सजाया जाता है और फिर उनकी पूजा की जाती है। गायों को लक्ष्मी का अवतार माना जाता है।दक्षिण के कुछ राज्यों में और महाराष्ट्र में इस दिन चावल के आटे से रंगोली बनाई जाती है और लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी की जाती है। उत्तर भारत में इस दिन नए बर्तनों या गहनों के साथ लक्ष्मी पूजा की जाती है। कई घरों में रात दीया जलाया जाता है। (एजेंसी)
First Published: Saturday, November 10, 2012, 14:37