Last Updated: Tuesday, February 5, 2013, 12:37

नई दिल्ली : वित्त मंत्री पी. चिदंबरम ने बजट में तय लक्ष्य को हासिल करने के लिए राजस्व अधिकारियों को अपने कर संग्रह प्रयासों में तेजी लाने को आज कहा।
चिदंबरम ने मंगलवार को कहा,‘यह साल अर्थव्यवस्था विशेषकर राजस्व संग्रह के लिहाज से एक मुश्किल साल रहा क्योंकि इस दौरान कम आयात हुआ और विनिर्माण गतिविधियों में भी नरमी रही।’
यहां केंद्रीय उत्पाद एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीईसी) के अधिकारियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कर अधिकारियों को 31 मार्च को समाप्त हो रहे चालू वित्त वर्ष के बाकी बचे सप्ताहों में भरसक प्रयास करते हुए बजट लक्ष्य हासिल करना चाहिए।
चिदंबरम ने कहा,‘सीमा एवं उत्पाद शुल्क अधिकारियों को लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरी ताकत लगानी चाहिए। वित्त वर्ष खत्म होने में अब भी सात सप्ताह बचे हैं। इसलिए उन्हें जहां तक संभव हो सके, लक्ष्य के करीब पहुंचने की कोशिश करनी चाहिए।’
सरकार ने चालू वित्त वर्ष में अप्रत्यक्ष करों से 5.05 लाख करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व संग्रह का लक्ष्य रखा है। अप्रत्यक्ष कर में उत्पाद शुल्क, सीमा शुल्क एवं सेवाकर शामिल है।
उन्होंने कहा कि यह कर संग्रहकर्ताओं के लिए एक कठिन वर्ष रहा है। चालू वित्त वर्ष की अप्रैल.नवंबर अवधि में अप्रत्यक्ष कर संग्रह 16.8 प्रतिशत बढ़कर 2.92 लाख करोड़ रुपये रहा है, जबकि सरकार ने बजट में अप्रत्यक्ष कर संग्रह में 27 प्रतिशत की वाषिर्क वृद्धि का लक्ष्य रखा है।
बीते वित्त वर्ष के प्रथम आठ महीनों में अप्रत्यक्ष कर संग्रह 2.50 लाख करोड़ रुपए था। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, February 5, 2013, 12:37