Last Updated: Wednesday, December 21, 2011, 13:10
ज़ी न्यूज ब्यूरोमुंबई : कारपोरेट जगत के कुछ दिग्गजों के सहित करीब 100 से भी ज्यादा लोगों को आयकर विभाग का नोटिस मिला है। इन लोगों के खिलाफ मामला यह है कि इनके एचएसबीसी जिनीवा में गुप्त बैंक खाते हैं। इस कारण इन्हें आयकर विभाग का नोटिस भेजा गया है।
गौर हो कि कुछ महीने पहले फ्रांस के अधिकारियों ने भारत सरकार को स्विस बैंक के 700 भारतीय खाताधारकों की लिस्ट सौंपी थी, उसमें इन लोगों के नाम भी हैं। फ्रांस ने यह जानकारी एचएसबीसी के एक पूर्व कर्मचारी से जुटाई थी। एचएसबीसी के इस कर्मचारी ने इन खातों की जानकारी चुराई थी।
अब आयकर विभाग 31 दिसंबर की समय-सीमा के भीतर नोटिस भेजने का अपना काम खत्म करने की जल्दबाजी में है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने यह समय-सीमा तय की है।
एक सीनियर आयकर अधिकारी के अनुसार, इस सूची में मुंबई के कारपोरेट जगत के कुछ बड़े नाम भी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि आयकर की धारा 148 के तहत नोटिस भेजे जाने के बाद उनमें से कुछ लोगों ने स्वैच्छिक तौर पर अपने खातों का खुलासा कर दिया है। ब्याज के साथ बकाया कर वसूलने के बाद आयकर अधिकारी किसी खाते को नियमित करते हैं। आयकर विभाग कुछ मामलों में अपनी समझ से जुर्माना भी लगा सकता है।
First Published: Thursday, December 22, 2011, 11:15