Last Updated: Sunday, April 7, 2013, 00:16

चेन्नई : एम.ए. चिदम्बरम स्टेडियम में शनिवार रात आठ बजे वैसे तो चेन्नई सुपर किंग्स और मुम्बई इंडियंस टीमों के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के छठे संस्करण का पांचवां मुकाबला शुरू हुआ था लेकिन अंत के एक घंटे तक यह मुकाबला मुम्बई इंडियंस बनाम महेंद्र सिंह धौनी बनकर रह गया।
धौनी ने मुम्बई इंडियंस की जमकर परीक्षा ली लेकिन वह अपनी टीम को घरेलू मैदान पर हार से नहीं बचा सके। मुनाफ पटेल की गेंद पर कीरन पोलार्ड के हाथों 137 रनों के कुल योग पर धौनी के आउट होने के साथ सुपर किंग्स 149 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए यह मैच नौ रनों से हार गई।
धौनी ने 26 गेंदों पर पांच चौकों और तीन छक्कों की मदद से 51 रन बनाए। अपने बूते धौनी सुपर किंग्स को जीत की स्थिति में लेकर आए थे लेकिन इस दफा सौभाग्य उनके साथ नहीं था।
पारी के अंतिम ओवर में सुपर किंग्स को जीत के लिए 12 रनों की जरूरत थी। स्ट्राइक पर धौनी थे। वह अपनी टीम के लिए यह काम कर सकते थे। गेंद मुनाफ के हाथों में थी। मुनाफ ने सीधी गेंद फेंकी, जिसे धौनी ने सीमा रेखा की ओर उछाल किया लेकिन वह लम्बे कद के पोलार्ड ने गेंद को बेहतरीन तरीके से लपक लिया। यह हैरतअंगेज कैच सुपर किंग्स की हार का कारण बना।
इस तरह बीते साल का फाइनल खेलने वाली दो बार की चैम्पियन सुपर किंग्स को छठे संस्करण के पहले ही मैच में हार मिली जबकि अपने पहले मैच में दुर्भाग्यपूर्ण ढंग से रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के हाथों हारने वाली रिकी पोंटिंग की मुम्बई इंडियंस ने जीत का खाता खोला।
सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही थी। सलामी बल्लेबाज मुरली विजय (5) को मुनाफ ने 10 रन के कुल योग पर बोल्ड कर दिया। मुनाफ ने अच्छी लय में चल रहे मुरली को आउट करके अपनी टीम को बड़ी सफलता दिलाई। इसके बाद मिशेन जानसन ने सोची-समझी रणनीति के तहत सुरेश रैना (10) को अपने झांसे में ले लिया। रैना ने सात गेंदों पर एक चौका लगाया।
रोहित शर्मा ने पारी की शुरुआत में हसी को स्लिप में जीवनदान दिया था। यह कैच मुम्बई इंडियंस को महंगा पड़ सकता था लेकिन हरभजन ने 42 रन के कुल योग पर हसी को बोल्ड करके रोहित को राहत दी। हसी ने 23 गेदों पर तीन चौके लगाए।
ब्रावो 11वें ओवर की दूसरी गेंद पर (10) प्रज्ञान ओझा द्वारा बोल्ड कर दिए गए जबकि एस. बद्रीनाथ (16) को ओझा ने पगबाधा आउट किया। ओझा ने ये विकेट क्रमश: 58 और 66 रनों के कुल योग पर लिए।
अब सुपर किंग्स वाकई मुश्किल में थे। बद्रीनाथ की विदाई के विदाई के बाद अब टीम की नैया पार लगाने की जिम्मेदारी कप्तान महेंद्र सिंह धौनी पर आ गई। दूसरे छोर पर रवींद्र जडेजा उनका साथ दे रहे थे।
दोनों ने छठे विकेट के लिए चार चौकों और एक छक्के की मदद से 19 गेंदों पर 31 रन जोड़कर स्थिति सुधारने की कोशिश की लेकिन मुनाफ ने 17 रन के निजी योग पर जेडजा को बोल्ड करके अपनी टीम को रणनीतिक सफलता दिलाई। जडेजा का विकेट 97 रन के कुल योग पर गिरा।
सुपर किंग्स के सबसे महंगे खिलाड़ी ने 11 गेंदों पर एक चौका और एक छक्का लगाया।इसके बाद 108 रनों के कुल योग पर रविचंद्रन अश्विन (2) ने हरभजन की गेंद को मिडऑन के ऊपर से मारने की कोशिश की लेकिन वह पोलार्ड के हाथों लपके गए।
बेन लॉफलिन (0) को पोलार्ड ने खाता नहीं खोलने दिया लेकिन उनके उस ओवर में धौनी ने 17 रन बटोरे। इस ओवर के साथ सुपर किंग्स जीत की स्थिति में पहुंच चुका था।
पारी का 19वां ओवर लेकर मिशेल जानसन आए। जानसन ने इस ओवर में दो वाइड फेंके और धौनी ने इस ओवर में नौ रन लिए। इस ओवर में कुल 11 रन बने। इस तरह सुपर किंग्स को अंतिम ओवर में जीत के लिए 12 रन बनाने थे।
इससे पहले, कीरन पोलार्ड (नाबाद 51) के तूफानी अर्धशतक की बदौलत मुम्बई इंडियंस ने 20 ओवरों में छह विकेट पर 148 रन बनाए। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियंस की शुरुआत बेहद खराब रही।
सलामी बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर (0) तीन रन के कुल योग पर पवेलियन लौट गए। उन्हें डिर्क नैन्स ने पगबाधा आउट किया। कप्तान रिकी पोंटिंग (6) भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके तथा 17 रन के कुल योग पर रविचंद्रन अश्विन की गेंद पर अंकित राजपूत को कैच थमा बैठे।
इसके बाद रोहित शर्मा और दिनेश कार्तिक ने तीसरे विकेट के लिए 17 गेंद पर 24 रन जोड़े। 35 रनों के कुल योग पर जब कार्तिक 12 रनों के निजी स्कोर पर खेल रहे थे तो सुरेश रैना ने उनका कैच छोड़ दिया, जिसके अगली ही गेंद पर उन्होंने छक्का जड़ा।
मुंबई को 41 रनों के कुल योग पर एक और करारा झटका लगा। रोहित शर्मा केवल आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उनको धौनी ने विकेट के पीछे लपका।
पावर प्ले में मुंबई की टीम ने अपने अहम तीन विकेट खोए और केवल 41 रन ही बना सकी। चौथे विकेट के लिए कार्तिक और अंबाती रायडू ने 18 रन जोड़े। एक छोर पर अच्छी बल्लेबाजी कर रहे कार्तिक 59 रनों के कुल योग पर 37 रन बनाकर आउट हो गए।
कार्तिक ने 25 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके और एक छक्का जड़ा। मुंबई का पांचवा विकेट भी मात्र 16 रनों के इजाफे के बाद रायडू (7) के रूप में गिर गया। रायडू को बेन लॉफालिन ने नैन्स की गेंद पर लपक लिया। इसके बाद ड्वेन स्मिथ (3) भी अश्विन की गेंद पर ड्वेन ब्रावो को कैच थमाकर चलते बने।
छठे विकेट की साझेदारी में खड़ी पोलार्ड और हरभजन सिंह (21) की जोड़ी ने मुंबई टीम के कुल योग में सर्वाधिक 65 रनों का इजाफा किया। पोलार्ड ने जहां अपनी अर्धशतकीय पारी में 38 गेंदों का सामना करते हुए चार चौके तथा पांच छक्का जड़ा वहीं हरभजन ने भी 21 गेंदों में एक चौका और एक छक्का ठोंका।
मुंबई की इस जोड़ी ने 48 गेंदों में 65 रन ठोंककर टीम का कुल योग 20 ओवर में छह विकेट पर 148 रन पहुंचा दिया। सुपर किंग्स की ओर से ब्रावो ने दो विकेट लिए जबकि अश्विन, नैन्स, राजपूत और लॉफलिन को एक-एक सफलता मिली।
First Published: Saturday, April 6, 2013, 22:15