अभी संन्यास के बारे में नहीं सोचा: आनंद

अभी संन्यास के बारे में नहीं सोचा: आनंद

चेन्नई : भारत के महान शतरंज खिलाड़ी विश्वनाथन आनंद ने रविवार को अपने संन्यास से जुड़ी अटकलों को विराम दे दिया। उन्होंने अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी रूस के गैरी कास्परोव पर प्रहार करते हुए कहा कि कास्परोव 2011 से ही चाहते हैं कि वह शतरंज को अलविदा कह दें। आनंद ने कहा कि पांचवां विश्व खिताब जीतने के बाद उनके अंदर इस खेल को तब तक जारी रखने की शक्ति मिली है, जब तक कि वह इसका लुत्फ लेते रहेंगे।

प्रायोजक एनआईआईटी द्वारा आयोजित एक सम्मान समारोह में विश्व कप जीतने के बाद भारतीय मीडिया से पहली बार मुखातिब आनंद ने कहा कि वह अपने खेल का अभी भी खूब लुत्फ उठा रहे हैं। आनंद ने कहा कि विश्व चैम्पियनशिप में इजरायली खिलाड़ी बोरिस गेलफांद पर मिली जीत उनके लिए काफी मायने रखती है।

आनंद ने कहा, मेरे मन में संन्यास का कोई इरादा नहीं है। मैं तो विश्व कप जीतने के बाद खेल जारी रखने को लेकर प्रेरित हुआ हूं। मैं जब तक इस खेल का लुत्फ उठा रहा हूं, तब तक संन्यास के बारे में नहीं सोच सकता।

आनंद ने कहा कि विश्व खिताब जीतने के बाद रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ उनकी मुलाकात काफी रोचक रही थी। इस दौरान आनंद ने पुतिन को बताया कि उन्होंने किस तरह रूसी संस्कृति केंद्र में इस खेल में खुद को माहिर किया था।

आनंद ने अपने पूर्व प्रतिद्वंद्वी रूस के गैरी कास्परोव पर प्रहार करते हुए कहा कि कास्परोव 2011 से ही चाहते हैं कि वह शतरंज को अलविदा कह दें। आनंद मानते हैं कि 2005 में शतरंज को अलविदा कहने वाले कास्परोव को अब उतना मान-सम्मान नहीं मिल रहा है, जितना वह खेल के दिनों में हासिल करते थे।

आनंद ने कहा, कास्परोव को शतरंज छोड़ने का मलाल है। वह शतरंज से मिलने वाली शोहरत की कमी महसूस करते हैं। यही कारण है कि वह मुझे भी संन्यास का फैसला सुनाते देखना चाहते हैं। ऐसा भी हो सकता है कि वह दोबारा सक्रिय हो जाएं। कास्परोव ने 2005 में संन्यास ले लिया था और 2011 से वह चाहते हैं कि मैं भी शतरंज को अलविदा कह दूं।

पूर्व विश्व चैम्पियन कास्परोव ने कहा था कि आनंद के खेल में समर्पण की कमी है और वह ढलान पर हैं लेकिन आनंद ने इसे गलत साबित करते हुए बीते सप्ताह मास्को में पांचवीं बार विश्व खिताब पर कब्जा जमाया। (एजेंसी)

First Published: Monday, June 4, 2012, 00:05

comments powered by Disqus