तीरंदाज प्रतिमा बोरो ने ट्रेनिंग कैंप में जान दी

तीरंदाज प्रतिमा बोरो ने ट्रेनिंग कैंप में जान दी

तीरंदाज प्रतिमा बोरो ने ट्रेनिंग कैंप में जान दी पुणे : असम की अंतरराष्ट्रीय तीरंदाज प्रतिमा बोरो ने पुणे में आर्मी स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर में आत्महत्या कर ली, जहां वह राष्ट्रीय शिविर का हिस्सा थीं। प्रतिमा अपने होस्टल के कमरे में छत के पंखे पर लटकी हुई पायी गयी। इस 20 वर्षीय तीरंदाज ने आत्महत्या के लिए अपनी चादर का इस्तेमाल किया। पता चला है कि वह पिछले कुछ समय से तनाव की शिकार थी।

उसकी साथी तीरंदाजों को तब संदेह हुआ जब वह रिकर्व स्पर्धा के लिए राष्ट्रीय शिविर के सुबह के सत्र में नहीं पहुंची और वे सब उसे ढूंढ़ने लगे। तीरंदाजी सूत्रों के अनुसार, ‘जब उसके दोस्त उसके कमरे में गए तो उन्होंने कमरा अंदर से बंद पाया। उन्होंने दरवाजा खोला और देखा कि वह छत के पंखे से लटकी हुई थी।’ प्रतिमा के इस कदम का सही कारण अभी तक पता नहीं चल सका है। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

ट्रेनिंग सेंटर के सूत्रों ने कहा कि जहां प्रतिमा ने आत्महत्या की, वहां कोई महिला वार्डन नहीं थी। खेल मंत्रालय ने भारतीय तीरंदाजी संघ की मान्यता रद्द की हुई है इसलिए रिकर्व स्पर्धा का शिविर आर्मी स्पोर्ट्स ट्रेनिंग सेंटर में आयोजित किया जा रहा था, साई सेंटर में नहीं। प्रतिमा 2009 विश्व कप के शंघाई में हुए चौथे चरण और इसी वर्ष विश्व चैम्पियनशिप में भारतीय रिकर्व महिला टीम की सदस्य थी। वह जमशेदपुर में टाटा तीरंदाजी अकादमी की कैडेट भी थी। (एजेंसी)

First Published: Friday, May 3, 2013, 20:45

comments powered by Disqus