योगेश्वर-विजय को खेल रत्न, युवराज बने अर्जुन

योगेश्वर-विजय को खेल रत्न, युवराज बने अर्जुन

योगेश्वर-विजय को खेल रत्न, युवराज बने अर्जुननई दिल्ली : राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने खेल दिवस के उपलक्ष्य में आज ओलंपिक पदक विजेता निशानेबाज विजय कुमार और पहलवान योगेश्वर दत्त को संयुक्त रूप से देश का सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार प्रदान किया जबकि चैम्पियन क्रिकेटर युवराज सिंह समेत 25 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से नवाजा गया।

महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती के उपलक्ष्य में खेल दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक सादे समारोह में पुरस्कार दिए गए। हर साल खेल दिवस पर राष्ट्रीय खेल पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। इस मौके पर आठ कोचों को द्रोणाचार्य पुरस्कार भी दिए गए जबकि ध्यानचंद और तेनजिंग नोर्गे को राष्ट्रीय साहस पुरस्कार भी राष्ट्रपति ने प्रदान किए।

पिस्टल निशानेबाज विजय कुमार ने लंदन ओलंपिक में 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल में रजत पदक जबकि योगेश्वर ने कुश्ती की 60 किग्रा फ्री स्टाइल में कांस्य पदक जीता था। वहीं कैंसर से उबरकर भारतीय क्रिकेट टीम में वापसी करने वाले युवराज पिछले साल विश्व कप में भारत की खिताबी जीत के नायक थे। युवराज जब पुरस्कार लेने के लिए आए तो सबसे अधिक तालियां उन्हीं को मिली। भारतीय हॉकी टीम ओलंपिक में भले ही 12वें और आखिरी स्थान पर रही लेकिन इन खेलों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले एकमात्र खिलाड़ी सरदार सिंह का स्वागत भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ हुआ।

परालम्पिक एथलीट दीपा मलिक व्हीलचेयर में बैठकर पुरस्कार ग्रहण करने के लिए आयी। उनका भी तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया गया। पुरस्कार वितरण समारोह के दौरान खेल मंत्री अजय माकन, पूर्व भारतीय कप्तान और सांसद मोहम्मद अजहरुद्दीन तथा खेलों से जुड़ी कई हस्तियां भी उपस्थित थी। अर्जुन पुरस्कार का फैसला 2004 ओलंपिक खेलों में रजत पदक जीतने वाले राज्यवर्धन सिंह राठौड़ की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने किया जिसमें अखिल कुमार : (मुक्केबाज), खजान सिंह (तैराक), बाईचुंग भूटिया (फुटबाल) और रवि शास्त्री (क्रिकेट) जैसे खिलाड़ी शामिल थे। अर्जुन पुरस्कार आम तौर पर एक साल में 15 खिलाड़ियों को दिया जाता है लेकिन 2012 ओलंपिक वर्ष था और भारत ने लंदन ओलंपिक में छह पदक जीते जो ओलंपिक खेलों में देश का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इसलिए खेल रत्न दो और अर्जुन पुरस्कार 25 खिलाड़ियों को दिया गया। पदक और प्रशस्ति पत्र के अलावा खेल रत्न पुरस्कार से नवाजे गए प्रत्येक खिलाड़ी को 7 लाख 50 हजार रुपए जबकि प्रत्येक अर्जुन पुरस्कार विजेता को अर्जुन की प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र और 5 लाख रुपए का पुरस्कार मिलता है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, August 29, 2012, 19:03

comments powered by Disqus