Last Updated: Saturday, August 31, 2013, 21:07

नई दिल्ली : राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी ने आज यहां राष्ट्रपति भवन के दरबार हाल में भव्य कार्यक्रम में मशहूर निशानेबाज रंजन सोढ़ी और स्टार क्रिकेटर विराट कोहली सहित खिलाड़ियों तथा कोचों को खेलों के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिये राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों से सम्मानित किया। लगातार दो बार विश्व कप और 2010 के एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता सोढ़ी को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार से सम्मानित किया गया। इस पुरस्कार के तहत एक पदक, समारोह की पोशाक, प्रमाण पत्र और साढ़े सात लाख रूपये नकद दिये जाते हैं। सोढ़ी खेल रत्न पुरस्कार से नवाजे जाने वाले सातवें निशानेबाज बन गये। रोचक तथ्य यह है कि लगातार तीसरे साल खेल रत्न किसी निशानेबाज को दिया गया। 2011 में यह पुरस्कार गगन नारंग जबकि पिछले साल विजय कुमार को दिया गया था।
जब डबल ट्रैप निशानेबाज सोढ़ी के नाम की सिफारिश खेल रत्न पुरस्कार के लिये की गयी तो इस पर विवाद पैदा हो गया था क्योंकि पैनल के कुछ सदस्यों ने चयन प्रक्रिया पर सवाल उठाये थे। पिछले साल लंदन ओलंपिक में उनका प्रदर्शन काफी खराब रहा था। पुरस्कारों ने ठीक पहले हालांकि नाटकीय घटनाक्रम के तहत त्रिकूद एथलीट रंजीत महेश्वरी का अजरुन पुरस्कार रोक लिया गया क्योंकि उनके डोपिंग में दोषी पाए जाने की खबरे सामने आईं थी। खेल मंत्री जितेंद्र सिंह ने इस संबंध में कहा कि इसकी जांच सोमवार.मंगलवार तक पूरी हो जायेगी, इसलिये उनका पुरस्कार रोक लिया गया है। चक्का फेंक एथलीट कृष्णा पूनिया और लंदन परालम्पिक के रजत पदक विजेता एच एन गिरिशा पुरस्कार सूची में अपना नाम नहीं होने से नाराज थे, इससे विवाद खड़ा हो गया था। इसी के कारण खेल मंत्रालय ने पुरस्कार विजेताओं की सूची इस बार देर से जारी की।
युवा क्रिकेटर कोहली सहित 13 खिलाड़ियों ने राष्ट्रपति के हाथों अजरुन पुरस्कार और पांच कोचों ने द्रोणाचार्य पुरस्कार प्राप्त किये। विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला एकल बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु भी अर्जुन पुरस्कार की सूची में शामिल हैं, हालांकि वह समारोह में उपस्थित नहीं हो सकीं क्योंकि आज वह मुंबई में इंडियन बैडमिंटन लीग फाइनल में भाग ले रही हैं। अब तक 11 टेस्ट मैचों में 1175 रन और 113 वनडे में 4575 रन बनाने वाले कोहली समारोह में आकषर्ण का केंद्र रहे। वह अजरुन पुरस्कार हासिल करने वाले 46वें क्रिकेटर हैं। पिछले साल युवराज सिंह जबकि उससे पहले साल जहीर खान को इस पुरस्कार से नवाजा गया था। अजरुन पुरस्कार हासिल करने वाले अन्य प्रमुख खिलाड़ियों में युवा गोल्फर गगनजीत भुल्लर, स्क्वाश में देश की नंबर एक महिला खिलाड़ी जोशना चिनप्पा और हाकी खिलाड़ी सबा अंजुम शामिल हैं। इन पुरस्कारों में सिर्फ एक मुक्केबाज कविता चहल शामिल हैं, जिन्होंने विश्व चैम्पियनशिप में कांस्य पदक जीता था।
अर्जुन पुरस्कार प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को अर्जुन की प्रतिमा, प्रमाण पत्र, समारोह की पोशाक और पांच लाख रुपये नकद राशि दी गयी। पांच कोचों को गुरू द्रोणाचार्य की मूर्ति, प्रमाण पत्र, समारोह की पोशाक और पांच लाख रूपये की राशि दी गयी। ध्यानचंद पुरस्कार में प्रमाण पत्र, समारोह की पोशाक और पांच लाख रूपये नकद राशि शामिल है।
इस बार राष्ट्रीय खेल पुरस्कार वितरण समारोह 29 अगस्त के बजाय 31 अगस्त को आयोजित किया गया क्योंकि पहली वाली तिथि के दिन खेल मंत्री जितेंद्र सिंह उपलब्ध नहीं थे। अमूमन खेल पुरस्कार महान हाकी खिलाड़ी ध्यानचंद के जन्मदिन 29 अगस्त को वितरित किये जाते हैं जिसे राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया जाता है। पुरस्कार पाने वाले खिलाड़ियों की सूची इस प्रकार है।
राजीव गांधी खेल रत्न:- रंजन सोढ़ी
अर्जुन पुरस्कार:- विराट कोहली (क्रिकेट), चेक्रोवोलु स्वुरो (तीरंदाज), पीवी सिंधु (बैडमिंटन), कविता चाहल (मुक्केबाजी), रूपेश शाह (स्नूकर), अभिजीत गुप्ता (शतरंज), गगनजीत भुल्लर (गोल्फ), सबा अंजुम (हाकी), राजकुमारी राठौड़ (निशानेबाजी), जोशना चिनप्पा (स्क्वाश), मौमा दास (टेबल टेनिस), नेहा राठी (कुश्ती), धर्मेंद्र दलाल (कुश्ती) और अमित कुमार सरोहा (पैराखेल)।
द्रोणाचार्य पुरस्कार:- पूर्णिमा महतो (तीरंदाजी), महावीर सिंह (मुक्केबाजी), नरिंदर सिंह सैनी (हाकी), के पी थामस (एथलेटिक्स), राज सिंह (कुश्ती)
ध्यानचंद पुरस्कार:- मैरी डि सूजा (एथलेटिक्स), सैयद अली (हाकी), अनिल मान (कुश्ती), गिरिराज सिंह (पैरा खेल)।
तेनजिंग नार्गे पुरस्कार:- वसंत सिंह राय (पर्वतारोहण), मेजर रणवीर सिंह जामवाल (पर्वतारोहण), लेफ्टिनेंट कमांडर अभिलाश टामी (नौकायान), नायक सूबेदार परमजीत सिंह सिद्धू (हैंग ग्लाइडिंग), प्रेम सिंह (पर्वतारोहण) और हरी राम (पर्वतारोहण)
मौलाना अबुल कलाम आजाद ट्रॉफी:- गुरू नानक देव विश्वविद्यालय (अमृतसर) को 2010-2011 के लिये, पंजाबी विश्वविद्यालय (पटियाला) को 2011-2012 तथा 2012-13 के लिये। (एजेंसी)
First Published: Saturday, August 31, 2013, 21:00