केवल अभिनेत्री ही नहीं थी जिया खान| Jiah Khan

केवल अभिनेत्री ही नहीं थी जिया खान

केवल अभिनेत्री ही नहीं थी जिया खानआलोक कुमार राव

नई दिल्ली : दुनिया को अलविदा कह चुकी बॉलीवुड अदाकारा जिया खान केवल अभिनेत्री ही नहीं थी। साहित्य, कला और संगीत से उसका काफी लगाव था। 20 फरवरी 1988 को न्यूयार्क में जन्मी जिया का पालन-पोषण लंदन के चेल्सी में हुआ। उसने लंदन के एमपीडबल्यू से अंग्रेजी साहित्य एवं कला की पढ़ाई की। अंग्रेजी साहित्य के प्रति जिया का लगाव इस कदर था कि वह 17 साल की अवस्था में महान नाटककार शेक्सपीयर पर अध्ययन और अभिनय का प्रशिक्षण लेने के लिए न्यूयार्क चली गई।

जिया ने रामगोपाल वर्मा की विवादास्पद फिल्म `निशब्द` के जरिए बॉलीवुड में कदम रखा। यह फिल्म जिया के लिए काफी अहम साबित हुआ। जिया की बॉलीवुड करियर की शुरुआत महानायक अमिताभ बच्चन के साथ हुई। इस फिल्म ने जिया का रातोंरात बॉलीवुड में पहचान दिलाई और वह चर्चा में आ गई। फिल्म का बोल्ड विषय और उसमें निभाई गई जिया की भूमिका ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। साल 2007 में आई इस फिल्म के लिए जिया को `फिल्मफेयर बेस्ट डेव्यूटेंट` का अवार्ड मिला। जिया ने इस फिल्म के गीत `टेक लाइट` के लिए अपनी आवाज दी। जिया ने इस गीत को केवल गाया ही नहीं बल्कि इसे लिखा, संगीत दिया और इसकी कोरियोग्राफी भी की। इस गीत के जरिए वह युवा पीढ़ी में काफी लोकप्रिय हुई।

जिया की रुचि नृत्य में भी थी और वह साल्सा, जैज, कत्थक, बैले, रेगी और बेली डांस जैसी नृत्य शैलियां भी जानती थी। जिया की दूसरी हिंदी फिल्म `गजनी` थी। इस फिल्म में आमिर खान के साथ उसकी भूमिका छोटी थी। जिया की तीसरी और अंतिम हिंदी फिल्म `हाउसफुल` थी। वर्ष 2010 की इस फिल्म में वह अक्षय कुमार के साथ नजर आईं। अपनी इन तीन फिल्मों में जिया ने बॉलीवुड के बड़े कलाकारों के साथ काम किया लेकिन उसे वह शोहरत एवं ऊंचाई न मिल पाई जितनी उसे मिलनी चाहिए थी।

फिल्मों के अलावा जिया मॉडलिंग की दुनिया में भी सक्रिय रही। `रैंगलर` जींस का प्रचार करने वाली वह पहली लड़की थी। जिया ताज ग्रुप की ब्रांड अंबैसडर भी थी। इसके अलावा वह पेटा से भी जुड़ी रही। जिया ने पतंग उड़ाने में इस्तेमाल होने वाले मंजा पर रोक लगाने के लिए अभियान चलाया। अपने जीवन के थोड़े समय में जिया सामाजिक कार्यों से भी जुड़ी रही। सामाजिक संगठनों के लिए धन एकत्र करने और उनकी मदद के लिए वह हमेशा आगे रही। बताया जाता है कि उन्हें हाल ही में एक हॉलीवुड प्रोजेक्ट भी मिला था।

First Published: Tuesday, June 4, 2013, 16:55

comments powered by Disqus