Last Updated: Saturday, July 13, 2013, 14:30
रामानुज सिंहबहुत कम लोग हैं जो अपनी जिंदगी में उन ऊंचाइयों को छू पाते हैं जिसकी वह कल्पना करता है। लेकिन टीम इंडिया के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी उन सूरमाओं में आते हैं जिन्होंने मुकद्दर पर सिकंदर की तरह विजय पाई है। रांची जैसे छोटे शहर से आए धोनी ने भारतीय क्रिकेट टीम में न केवल अपनी जगह बनाई बल्कि कप्तान बनकर टीम को उस जगह पहुंचाया है जो आज से पहले सिर्फ एक सपना था। धोनी की अगुवाई में भारतीय टीम ने 2007 में ट्वेंटी-20 विश्व कप, 2011 में वनडे वर्ल्ड कप और 2013 में चैम्पियंस ट्रॉफी अपने नाम की।
धोनी की कहानी आम व्यक्ति से खास व्यक्ति बनने की है। 7 जुलाई 1981 को तत्कालीन बिहार के रांची शहर में जन्म लेने वाले धोनी ने अपने करियर की शुरुआत रेलवे में खेल कोटे से टीटीई बनकर की। खड़गपुर स्टेशन से खेल के स्टेडियम तक धोनी के लिए राह आसान नहीं थी लेकिन धोनी ने हार नहीं मानी और देखते ही देखते वह वर्ल्ड क्रिकेट का सबसे बड़ा चेहरा बन गए। धोनी ने 2004-05 में बांग्लादेश के खिलाफ टीम इंडिया का सदस्य बनकर अपने करियर का आगाज किया था, लेकिन यह बहुत ही खराब शुरूआत रही थी क्योंकि रांची का यह खिलाड़ी शून्य पर रन आउट हो गया था। लेकिन इसके बाद धोनी के करियर का ग्राफ चढ़ता ही चला गया और वह इस समय देश ही नहीं विश्व के सबसे महान क्रिकेटरों में से एक हैं।
धोनी का क्रिकेट में आना एक संयोग था क्योंकि क्रिकेट धोनी की पहली पसंद नहीं थी। वह तो फुटबॉल और बैडमिंटन के शौकीन थे। एक बार धोनी के फुटबॉल कोच ने धोनी को एक क्रिकेट क्लब के लिए विकेट कीपिंग करने को कहा और उसके बाद फिर वह हुआ जिसके बारे में शायद धोनी ने भी नहीं सोचा था। ऐसा नहीं है कि धोनी ने रातों-रात कामयाबी हासिल की हो। उन्होंने इसके लिए कड़ी मेहनत की है। धोनी सबसे पहले 1998-99 में बिहार अंडर-19 टीम में शामिल किये गए। 1998-1999 के दौरान कूच बिहार ट्रॉफी से धोनी के क्रिकेट को पहली बार पहचान मिली। इस टूर्नामेंट में धोनी ने 9 मैचों में 488 रन बनाए और विकेट कीपिंग करते हुए 7 स्टपिंग भी कीं। इसी प्रदर्शन के बाद उन्हें साल 2000 में पहली बार रणजी में खेलने का मौका मिला। इस तरह 18 साल के धोनी ने बिहार की टीम से रणजी में खेलना शुरू किया। इस दौरान 2003-04 में कड़ी मेहनत के कारण धोनी को जिम्बॉब्वे और केन्या दौरे के लिए भारतीय ‘ए’ टीम में चुना गया। जिम्बॉब्वे के खिलाफ उन्होंने विकेट कीपर के तौर पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 7 कैच और 4 स्टंपिंग की। इस दौरे पर बल्लेबाजी करते हुए धोनी ने 7 मैचों में 362 रन भी बनाए।
धोनी के कामयाब जिम्बॉब्वे दौरे के बाद तत्कालीन टीम इंडिया के कप्तान सौरव गांगुली ने उन्हें टीम में लेने की सलाह दी। 2004 में धोनी को पहली बार टीम इंडिया में जगह मिली। हालांकि वह अपने पहले मैच में कोई खास कमाल नहीं कर पाए और शून्य पर आउट हो गए। इसके बाद भी कई मैचों में धोनी का बल्ला नहीं चला, लेकिन 2005 में पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए धोनी ने 123 गेंदों पर 148 रनों की ऐसी तूफानी पारी खेली कि सभी इस खिलाड़ी के मुरीद बन गए। पाकिस्तान के तत्कालीन राष्ट्रपति परवेज मुशर्रफ ने भी धोनी की तारीफ की। इसके कुछ दिनों बाद ही धोनी ने श्रीलंका के खिलाफ वनडे मैच में बल्लेबाजी करते हुए 183 रनों की पारी खेली जो किसी भी विकेट कीपर बल्लेबाज का अब तक का सर्वाधिक निजी स्कोर है।
इस विकेट कीपर बल्लेबाज ने भारतीय टीम के लिए अभी तक 77 टेस्ट मैच खेले हैं जिसमें उन्होंने 39.70 के औसत से 4209 रन जुटाए हैं। एक दिवसीय मैचों में उन्हें ‘गेम-चेंजर’ माना जाता है। उन्होंने 225 वनडे मैचों में 51.13 के औसत से 7313 रन बनाए हैं। आईपीएल में भी उनकी अगुआई में चेन्नई सुपर किंग्स ने जबरदस्त सफलता पाई है। धोनी ने कई सम्मान भी प्राप्त किए हैं। 2008 में आईसीसी प्लेयर ऑफ द इयर अवॉर्ड, राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार और 2009 में भारत के चौथे सर्वोच्च नागरिक सम्मान, पद्मश्री पुरस्कार।
टीम इंडिया का कप्तान बनते ही धोनी बाजार की भी पसंद बन गए। हर कंपनी मानो ब्रांड धोनी को भुनाना चाहती है धोनी अब देश के सबसे अमीर खिलाड़ी हैं। इतना ही नहीं दुनिया के सबसे अमीर खिलाड़ियों की फेहरिस्त में फोर्ब्स पत्रिका ने उन्हें 16वें पायदान पर रखा। धोनी की मौजूदा सालाना कमाई लगभग 200 करोड़ रुपए है।
धोनी भले ही सफल और लोकप्रिय हों, लेकिन उनके साथ कुछ विवाद भी जुड़े रहे हैं। हाल में एक खिलाड़ी प्रबंधन फर्म के साथ उनकी हिस्सेदारी में हितों के टकराव का मामला सामने आया था। इस फर्म से कप्तान सहित कुछ भारतीय खिलाड़ी जुड़े हैं। इसके बावजूद मैदान पर फैसले लेने में धोनी जितने चतुर और सटीक मालूम होते हैं। इसीलिए तो किसी भी तरह की जोखिम लेने के लिए हमेशा तैयार रहने वाले कप्तान धोनी युवाओं में एक आदर्श के रूप में देखे जाते हैं। धोनी आज 32 साल के हो गए हैं। जन्मदिन पर पूरा देश और क्रिकेटप्रेमी धोनी को बधाईयां दे रहा है।
First Published: Sunday, July 7, 2013, 18:08