11 सौर मंडलों में 26 नए ग्रहों की खोज - Zee News हिंदी

11 सौर मंडलों में 26 नए ग्रहों की खोज

वाशिंगटन : नासा के खगोलविदों ने दावा किया है कि केपलर टेलिस्कोप ने 11 सौर मंडलों में फैले 26 नये ग्रहों का पता लगाया है। नासा मुख्यालय में केपलर कार्यक्रम के वैज्ञानिक डग हजिन्स के हवाले से अमेरिकी मीडिया ने कहा, ‘केपलर अभियान से पहले हमें पूरे आकाश में शायद 500 ग्रहों का पता था। अभी दो साल में हमने बमुश्किल आपकी मुट्ठी से शायद ही अधिक ब्रह्मांड में झांका है फिर भी केपलर ने 60 से अधिक ग्रहों का पता लगा लिया है और 2300 ऐसे पिंड हैं जो ग्रह का रूप ले सकते हैं।’

 

उन्होंने कहा, ‘यह हमें बताता है कि हमारी आकाशगंगा सभी आकार एवं कक्षाओं वाले ग्रहों से पटी है।’ वैज्ञानिकों ने कहा कि खोजे गए नए ग्रहों में कुछ का आकार धरती से केवल 1.5 गुना है जबकि अन्य बृहस्पति से बड़े हैं। साथ ही 15 ग्रह ऐसे हैं जिनका आकार धरती और नेपच्यून के बीच के बराबर है।

 

नासा का दल हालांकि अभी यह तय नहीं कर पाया है कि इनमें से कोई ग्रह क्या धरती, मंगल, शुक्र और बुध जैसे हैं जहां चट्टानें पायी जाती हैं अथवा वे बृहस्पति, शनि, यूरेनस और नेपच्यून जैसे हैं जो गैस से बने हैं। वैज्ञानिकों ने यह दावा भी किया है कि ये 26 ग्रह अपने सूर्य की परिक्रमा प्रत्येक छह से 143 दिन के बीच करते हैं। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 27, 2012, 16:51

comments powered by Disqus