अब तक के सबसे बड़े दो ब्लैक होल - Zee News हिंदी

अब तक के सबसे बड़े दो ब्लैक होल

कैप कैनवरा : वैज्ञानिकों ने अब तक के सबसे बड़े दो ब्लैक होल का पता लगाया है जो आकार में हमारे सूर्य से 10 अरब गुना बड़ा है।

 

कैलिफोर्निया विश्वविद्यालय के खगोलविदों के नेतृत्व में एक दल ने 30 करोड़ प्रकाश वर्ष दूर मौजूद निहारिकाओं में दो विशालकाय ब्लैक होल का पता लगाया। ब्रह्मांड की दूरियों में यह दूरी काफी कम मानी जाती है। इससे पहले पाया गया सबसे बड़ा ब्लैक होल सूर्य से छह अरब गुना बड़ा बताया गया था।
वैज्ञानिक पत्रिका नेचर में प्रकाशित अनुसंधान में वैज्ञानिकों ने कहा कि यह ब्लैक होल उन क्वासार से बने होंगे जिनका निर्माण प्रारंभिक ब्रह्मांड की उत्पत्ति के समय हुआ होगा। इनका द्रव्यमान युवा क्वासार के समान है और ये अब तक खोजे नहीं गये थे। वैज्ञानिकों ने इनकी खोज के लिए पृथ्वी पर तैनात दूरबीनों के साथ साथ हबल अंतरिक्ष दूरबीन और टेक्सास में सुपरकंप्यूटरों का इस्तेमाल किया।
ब्लैक होल का निर्माण विराट आकार वाले सितारों के बिखर जाने से होता है। यह एक ऐसा क्षेत्र होता है जहां से प्रकाश तक बाहर निकल नहीं सकता। माना जाता है कि अधिकतर मंदाकिनियों के केन्द्र में ब्लैक होल होते हैं। जितनी ज्यादा बड़ी मंदाकिनी होगी, उतना ही बड़ा ब्लैक होल भी होगा। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, December 6, 2011, 12:39

comments powered by Disqus