Last Updated: Thursday, January 31, 2013, 14:45
इस्लामाबाद : एक पाकिस्तानी न्यायिक आयोग के मध्य फरवरी तक मुंबई के दूसरे दौरे पर आने की संभावना है। भारत ने आयोग को 26/11 के मुंबई हमलों की जांच के संबंध में चार अधिकारियों से जिरह करने के लिए हरी झंडी दिखा दी है।
भारत ने न्यायिक आयोग को यात्रा की मंजूरी दे दी है जो बिना किसी देरी के मुंबई की यात्रा पर जाएगा। गृह मामलों के मंत्री रहमान मलिक ने बीती रात एक संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया, उन्होंने कोई तारीख नहीं दी लेकिन आयोग के मध्य फरवरी तक मुंबई यात्रा पर जाने की संभावना है।
आयोग पिछले वर्ष मार्च में भारत दौरे पर गया था लेकिन पाकिस्तान की एक आतंकवाद विरोधी अदालत ने उसके तथ्यों को खारिज कर दिया था। यह अदालत लश्कर-ए-तय्यबा के रहमान लखवी समेत सात संदिग्धों के खिलाफ मामले की सुनवाई कर रही है । अदालत ने इस आधार पर आयोग के तथ्यों को खारिज कर दिया था कि उसके पास चार प्रमुख गवाहों से जिरह करने का अधिकार नहीं है।
दिसंबर में दोनों देशों के अधिकारियों के बीच वार्ता के बाद भारत ने पाकिस्तानी आयोग को मुंबई हमलों की जांच की अगुवाई करने वाले अधिकारियों से बहस की अनुमति प्रदान कर दी। इनमें हमलों की जांच की अगुवाई करने वाले एक पुलिस अधिकारी, अजमल कसाब का इकबालिया बयान दर्ज करने वाले मजिस्ट्रेट तथा हमलावरों के शवों का पोस्टमार्टम करने वाले दो डॉक्टर शामिल हैं। कसाब को पिछले साल पुणे में एक जेल में फांसी की सजा दे दी गई थी। (एजेंसी)
First Published: Thursday, January 31, 2013, 14:45