Last Updated: Saturday, August 17, 2013, 18:44
इस्लामाबाद : नियंत्रण रेखा पर गोलीबारी के चलते तनाव बढ़ने के बीच पाकिस्तान अपने पड़ोसी देश पाकिस्तान को सकारात्मक संदेश भेजने के उद्देश्य से 367 भारतीय कैदियों को रिहा करेगा। पाकिस्तानी सूत्रों ने आज बताया कि दोनों पक्ष दो सप्ताह तक संघर्षविराम उल्लंघन के बाद नियंत्रण रेखा पर तनाव कम करने के प्रयास कर रहे हैं। संघर्षविराम का उल्लंघन इस महीने के शुरू में पाकिस्तानी सैनिकों के हमले में पांच भारतीय सैनिकों के मारे जाने के बाद शुरू हआ था।
पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय के एक प्रवक्ता ने कहा, हां यह सही है कि 367 भारतीय कैदी और मछुआरों को 24 अगस्त को रिहा किया जा रहा है। यद्यपि अधिकारी ने यह जानकारी अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर दी क्योंकि निर्णय की अभी तक आधिकारिक रूप से घोषणा नहीं की गई है। दोनों देशों में फिलहाल सैकड़ों कैदी जेलों में बंद हैं।
विदेश मामलों में पाकिस्तानी प्रधानमंत्री के सलाहकार सरताज अजीज ने कल कहा कि पाकिस्तानी जेलों में 491 कैदी बंद हैं जिसमें से 437 मछुआरे और 54 नागरिक शामिल हैं। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय के रिकार्ड के अनुसार भारत में कम से कम 485 पाकिस्तानी कैदी बंद हैं जिसमें 172 मछुआरे और 313 नागरिक शामिल हैं। हालांकि भारत द्वारा एक जुलाई को वाणिज्यदूत स्तर पर हुए समझौते के तहत जो सूची मुहैया करायी गयी है उसमें दिखाया गया है कि भारतीय जेलों में 386 कैदी हैं जिसमें 108 मछुआरे हैं। (एजेंसी)
First Published: Saturday, August 17, 2013, 18:44