इस्लामी गवर्नरों को लेकर मिस्र में कई जगहों पर संघर्ष

इस्लामी गवर्नरों को लेकर मिस्र में कई जगहों पर संघर्ष

काहिरा : मिस्र के राष्ट्रपति और उनके मुस्लिम ब्रदरहुड गुट के समर्थकों तथा विरोधियों के बीच नए इस्लामी गवर्नरों की नियुक्ति को लेकर कई जगहों पर संघर्ष हुआ है। यह संघर्ष खास तौर पर उन इलाकों में हुआ जहां विरोधी मजबूत हैं। कल हुए इस संघर्ष से, गहरे तक ध्रुवीकृत हो चुके इस देश में बढ़ते तनाव का संकेत मिलता है। वैसे भी राष्ट्रपति मोहम्मद मुरसी 30 जून को सत्ता पर अपना पहला साल पूरा करेंगे लेकिन उन्हें हटाने की मांग दिन पर दिन तेज होती जा रही है।

मुरसी ने रविवार को 17 नए गवर्नरों की नियुक्ति की जिनमें से सात सदस्य ब्रदरहुड के और एक सदस्य पूर्व उग्रवादी गुट का है। यह नियुक्ति लक्सर के लिए है लेकिन वहां के निवासियों का गुस्सा फूट पड़ा क्योंकि गवर्नरों के समूह ने वर्ष 1997 में वहां दर्जनों पर्यटकों के नरसंहार की जिम्मेदारी ली थी। पर्यटन मंत्रालय की प्रवक्ता राशा एल अज़ाज़ी ने बताया कि लक्सर में गवर्नरों की नियुक्ति को लेकर खुद पर्यटन मंत्री इस्तीफा देने का विचार कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने देश भर में गवर्नरों के कार्यालयों के दरवाजे सील कर दिए हैं। जगह जगह विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। प्रदर्शनकारियों को तितर बितर करने के लिए कई जगहों पर पुलिस को बलप्रयोग करना पड़ा। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, June 19, 2013, 10:19

comments powered by Disqus