खूनी संघर्ष खत्म करने को असद से मिले अन्नान - Zee News हिंदी

खूनी संघर्ष खत्म करने को असद से मिले अन्नान



संयुक्त राष्ट्र: सीरिया के पश्चिमोत्तर अशांत शहर में सेना के ताजे हमले के बीच संयुक्त राष्ट्र के पूर्व महासचिव कोफी अन्नान ने शनिवार को राजधानी दमिश्क में राष्ट्रपति बशर अल-असद से मुलाकात की। एक मीडिया रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई।

 

सीरिया की सरकारी मीडिया ने बताया कि अन्नान के साथ राष्ट्रपति असद की संक्षिप्त बैठक सकारात्मक माहौल में हुई। दमिश्क के एक होटल में अन्नान और असद के बीच बैठक हुई।

 

वहीं, अन्य शहरों में हिंसा जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक शनिवार को सेना टैंकों के साथ इदलीब शहर में दाखिल हुई। शहर के पश्चिमोत्तर हिस्से से टैंकों से गोले दागे जा रहे हैं और शहर के ऊपर हेलीकॉप्टर मंडरा रहे हैं। अन्नान की इस यात्रा को सीरिया संकट के राजनीतिक समाधान की दिशा में देखा गया है।

 

अन्नान की यात्रा से पहले सीरियाई राष्ट्रीय परिषद (एनएनसी) के अध्यक्ष बुरहान घालिउन ने शुक्रवार को कहा कि उनकी यात्रा से केवल समय नष्ट होगा। संकट का समाधान असद सरकार पर सैन्य दबाव से ही हो सकता है। जबकि अन्नान ने कहा है कि ताकत के इस्तेमाल से सीरियाई संकट और गहराएगा।

 

उल्लेखनीय है कि संयुक्त राष्ट्र और अरब लीग ने 23 फरवरी को सीरिया संकट पर वार्ता के लिए अन्नान को संयुक्त रूप से विशेष दूत नियुक्त किया।  (एजेंसी)

First Published: Saturday, March 10, 2012, 22:43

comments powered by Disqus