जारी रहेगा अंतरिक्ष कार्यक्रम: उ. कोरिया - Zee News हिंदी

जारी रहेगा अंतरिक्ष कार्यक्रम: उ. कोरिया


मास्को : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की निंदा के बावजूद उत्तर कोरिया अपने उपग्रह कार्यक्रम सहित अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी का विकास जारी रखेगा। कोरियन सेंट्रल न्यूज एजेंसी (केसीएनए) के हवाले से यह खबर दी गई है। समाचार एजेंसी आरआईए नोवोस्ती के मुताबिक उत्तर कोरियाई विदेश मंत्रालय ने एक वक्तव्य जारी कर कहा है कि वह अंतरिक्ष के इस्तेमाल के अपने सम्प्रभु अधिकार का उपयोग जारी रखेगा। सार्वभौमिक अंतर्राष्ट्रीय कानून इसे स्वीकार करते हैं, जो संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों से ऊपर हैं।

 

मंत्रालय ने कहा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्ताव हर देश के उपग्रह प्रक्षेपण के वैध अधिकार का उल्लंघन कर रहे हैं। वक्तव्य में कहा गया, देश के आर्थिक विकास के लिए हम राष्ट्रीय अंतरिक्ष कार्यक्रम के मुताबिक भूस्थैतिक उपग्रह सहित कई उपग्रहों का प्रक्षेपण जारी रखेंगे। उत्तर कोरिया ने अमेरिका के साथ 29 फरवरी को हुई संधि से पीछे हटने की भी घोषणा की। इस संधि में अमेरिका की ओर से खाद्य सहायता के बदले में उत्तर कोरिया ने अपनी परमाणु गतिविधियों व लम्बी दूरी के मिसाइल परीक्षण पर रोक लगाने के लिए कहा था।

 

उत्तर कोरिया ने 13 अप्रैल को उन्हा-3 रॉकेट का असफल प्रक्षेपण किया था। उसका कहना था कि एक उपग्रह को अंतरिक्ष कक्षा में पहुंचाने के लिए यह प्रक्षेपण किया गया। इसके बाद अमेरिका ने उसे खाद्य सहायता रोक दी थी।
अमेरिका का दावा है कि उत्तर कोरिया ने इस प्रक्षेपण की आड़ में बैलिस्टिक मिसाइल परीक्षण किया, जो कि संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों के मुताबिक प्रतिबंधित है। उत्तर कोरिया को यह प्रक्षेपण न करने की चेतावनी दिए जाने के बाद भी उसने ऐसा किया।

 

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद सहित वैश्विक समुदाय ने इस प्रक्षेपण की निंदा की थी। परिषद ने एक वक्तव्य जारी कर कहा था कि इस तरह के प्रक्षेपणों से क्षेत्र में सुरक्षा चिंताएं पैदा होंगी।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, April 18, 2012, 13:45

comments powered by Disqus