Last Updated: Tuesday, November 13, 2012, 12:53
वॉशिंगटन : अमेरिकी आबादी में करीब आधा फीसदी की हिस्सेदारी रखने वाले हिन्दू समुदाय के लिए इस साल की दीवाली खास है क्योंकि पहली बार उनके धर्म का कोई व्यक्ति अमेरिकी कांग्रेस के लिए निर्वाचित हुआ है। कांग्रेस के लिए निर्वाचित तुलसी गब्बार्ड (31 वर्ष) ने देश के हिन्दू समुदाय के लिए एक दीवाली वीडियो संदेश में कहा ‘वाह.. गत मंगलवार को अमेरिकी कांग्रेस के लिए पहली हिन्दू के तौर पर मैं निर्वाचित हुई। इस उपलब्धि से मैं गौरवान्वित हूं।’ तुलसी छह नवंबर को, कांग्रेस के दूसरे जिले हवाई से डेमोक्रेटिक पार्टी के टिकट पर अमेरिकी प्रतिनिधिसभा के लिए निर्वाचित हुइ’। हवाई राष्ट्रपति बराक ओबामा का जन्म स्थान है।
करीब दो मिनट के संदेश में उन्होंने कहा ‘आज दीपावली की शुभकामनाएं आपको और आपके परिवार को देते हुए मैं सम्मानित महसूस कर रही हूं। आप जानते हैं कि दीपावली केवल मनोरंजन का पर्व नहीं है बल्कि यह असत्य पर सत्य की जीत का पर्व है। जश्न मनाने के लिए दीपावली से बेहतर और कोई समय नहीं हो सकता।’ उन्होंने कहा ‘चुनाव और प्रचार सब हो चुके हैं। अब समय आ गया है कि हम अपने मतभेद भुलाएं और मिलजुल कर काम करें।’ व्हाइट हाउस में भी आज दीवाली मनाई जा रही है। वर्ष 2009 में पहली बार, किसी अमेरिकी राष्ट्रपति के तौर पर बराक ओबामा ने व्हाइट हाउस के ईस्ट रूम में दीवाली का परंपरागत दीया जलाया था।
व्हाइट हाउस में दीवाली मनाने की शुरूआत जॉर्ज डब्ल्यू बुश ने की थी। लेकिन पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति ने निजी तौर पर खुद कभी उत्सव में भाग नहीं लिया। उनके प्रशासन के शीर्ष अधिकारी आयोजन में भाग लेते थे। वष वर्ष 2010 में ओबामा ने भारत में दीवाली मनाई थी। पिछले साल व्हाइट हाउस के आइजनहोवर एग्जीक्यूटिव बिल्डिंग में दीवाली आयोजन में ओबामा शामिल हुए थे। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, November 13, 2012, 12:53