नाइजीरिया धमाके में 150 लोगों की मौत - Zee News हिंदी

नाइजीरिया धमाके में 150 लोगों की मौत

अबूजा: उत्तर पूर्वी नाइजीरिया में शनिवार देर रात हुये सिलसिलेवार बम विस्फोट और गोलीबारी की घटनाओं में कम से कम 150 लोगों की मौत हो गयी और अनेक घायल हो गए हैं।

 

चरमपंथी इस्लामी गुट बोको हरम ने इन हमलों की जिम्मेदारी ली है। राहत और बचावकर्मियों ने बताया कि इस गुट ने उत्तरी शहर दमातरू में 63 से ज्यादा लोगों को गोलियों से भून डाला और एक सरकारी भवन में बम विस्फोट किया। पास के मैदगुरी शहर में भी आत्मघाती हमले में चार लोगों की मौत हो गयी।

 

प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस समूह ने गिरजाघरों, मस्जिदों और अन्य सार्वजनिक जगहों पर बम विस्फोट किए और पुलिस के साथ उनकी मुठभेड़ भी हुयी।

 

रेडक्रॉस की प्रारंभिक रिपोर्ट में मरने वालों की संख्या 67 बतायी गयी है, लेकिन राहत और बचाव एजेंसी के अधिकारियों ने विभिन्न शहरों से 150 शवों के मिलने की बात कही है। 

 

राहत और बचावकर्मियों के मुताबिक दमातरू और मैदगुरी हमलों के हताहतों में सात पुलिसकर्मी और दो सैनिक भी हैं, जबकि 16 लोग घायल हो गए। राष्ट्रपति गुडलक जोनाथन ने इन हमलों की निंदा की है।

 

यह सिलसिलेवार हमले बकरीद के ठीक दो दिन पहले हुए हैं। पुलिस और सुरक्षा अधिकारियों ने पूरे देश में हाई अलर्ट घोषित कर दिया है।
उत्तरी नाइजीरिया में पूर्व में हुए चरमपंथी हमलों के लिए बोको हरम गुट जिम्मेदार रहा है और यह संगठन देश की सुरक्षा के लिए भी बड़ी चुनौती बना हुआ है।

 

गौरतलब है कि यही समूह राजधानी में 26 अगस्त को संयुक्त राष्ट्र के मुख्यालय पर हुये विस्फोट के लिए भी जिम्मेदार है, जिसमें 23 लोगों की मौत हो गयी थी और 70 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। (एजेंसी)

First Published: Sunday, November 6, 2011, 23:22

comments powered by Disqus