नाइजीरिया में दो भारतीयों की हत्या

नाइजीरिया में दो भारतीयों की हत्या

अबुजा : भारत ने गुरुवार को नाइजीरिया में हुई अपने दो नागरिकों की हत्या की विस्तृत जांच की मांग की है । दोनों की हत्या मैदुगुड़ी शहर में कट्टरपंथी इस्लामिक समुदाय बोको हराम के संदिग्ध सदस्यों ने की है। ‘गम अरेबिक’ फैक्टरी में कल हुए हमले में शंकर साहा और बोकुल चन्द्र मंडल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। एक अन्य भारतीय वीरेश यादव हमले में घायल हो गया।

पीड़ित पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे और वे बोर्नो राज्य के मैदुगुड़ी में ‘मेयर्स अदेबार ट्रेडर्स एण्ड इंडस्ट्रिज लिमिटेड’ में काम करते थे। नाइजीरिया में भारत के उच्चायुक्त महेश सचदेव ने बताया कि पहली बार विदेशियों को निशाना बनाया गया है और भारत जांच रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है।

भारतीय उच्चायोग ने एक बयान में कहा कि उच्चायोग ने इस घटना की आधिकारिक रिपोर्ट पाने के लिए पहले ही सम्बद्ध नाइजीरियाई प्राधिकार से संपर्क कर लिया है। बयान में कहा गया है कि सम्बद्ध नाइजीरियाई प्राधिकार से विस्तृत जांच करने के लिए संपर्क किया गया है ताकि इस वीभत्स अपराध के पीछे की मंशा का पता लगाया जा सके और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को न्याय की जद में लाया जा सके। सचदेव ने कहा कि घायल व्यक्ति का ऑपरेशन किया गया है और वह ठीक हो रहे हैं। (एजेंसी)

First Published: Thursday, July 26, 2012, 23:30

comments powered by Disqus