Last Updated: Saturday, May 5, 2012, 14:25
काठमांडो : नेपाल के पश्चिमोत्तर इलाकों में आई बाढ़ में कम से कम 13 लोग मारे गए हैं, जबकि तीन विदेशी नागरिक सहित 60 लोग लापता हैं। बर्फ पिघलने और झील का पानी सेती नदी में जाने से इसका स्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया। कासकी जिले के सारदिखोला गांव के कई हिस्से बह गए हैं।
सेना और पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अब तक 13 शव नदी के किनारे से बरामद किए गए हैं। शव बुरी स्थिति में थे। उन्होंने कहा, ‘पानी का स्तर इतना ऊपर चला गया है कि वह पुलों को छूने लगा है।’ अधिकारियों ने कहा कि मारे गए लोगों में ज्यादतर स्थानीय ग्रामीण हैं।
सेना के प्रवक्ता रमींद्र छत्री ने कहा कि सेना के हेलीकॉप्टरों और राहत दलों को प्रभावित इलाकों में भेज दिया गया है। बाढ़ में करीब 60 लोग लापता हैं। इनमें तीन विदेशी यात्री भी हैं। नेपाली विशेषज्ञों का कहना है कि इस तरह की त्रासदी जलवायु परिवर्तन के कारण हो रही है। जलवायु परिवर्तन के कारण ग्लेशियर पिघल रहे हैं और इससे नदियों एवं झीलों में जल स्तर बढ़ रहा है।
(एजेंसी)
First Published: Saturday, May 5, 2012, 19:55