Last Updated: Friday, August 31, 2012, 16:57
इस्लामाबाद : पाकिस्तान की एक अदालत ने ईशनिंदा के आरोप में गिरफ्तार एक नाबालिग ईसाई लड़की की न्यायिक हिरासत पंद्रह दिन के लिए बढ़ा दी।
रिम्शा मसीह नामक इस लड़की को इस्लामाबाद के बाहरी क्षेत्र में स्थित निम्नवर्गीय मेहरिया जाफर इलाके से बीते 16 अगस्त को गिरफ्तार किया गया था। उसे कड़ी सुरक्षा के बीच अदालत में न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था।
मामले की जांच कर रहे अधिकारी ने अदालत को बताया कि जांच अभी पूरी नहीं हो सकी है। इसलिए रिम्शा के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल करने के लिए और समय चाहिए।
मजिस्ट्रेट ने रिम्शा की न्यायिक हिरासत को दो सप्ताह के लिए बढ़ाते हुए पुलिस को जल्दी ही आरोप पत्र पेश करने के निर्देश दिए।
रिम्शा को रावलपिंडी की अदियाला जेल से कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच अदालत में लाया गया था। महिला पुलिस कर्मियों और सशस्त्र पुलिस कर्मियों से घिरी रिम्शा का चेहरा और बाकी शरीर सफेद कपड़े से ढका हुआ था। (एजेंसी)
First Published: Friday, August 31, 2012, 16:57