पाक पोलियो कर्मी पर फिर हमला, दो की मौत

पाक पोलियो कर्मी पर फिर हमला, दो की मौत

पाक पोलियो कर्मी पर फिर हमला, दो की मौतइस्लामाबाद : पाकिस्तान के उत्तर पश्चिम में संयुक्त राष्ट्र समर्थित पोलियो टीकाकरण दलों पर बंदूकधारियों ने आज दोबारा हमले किए जिसमें दो और पोलियो कर्मचारी मारे गए जबकि छह अन्य घायल हो गए। इससे पहले कल कराची और पेशावर में छह स्वास्थ्य कर्मचारियों को गोलियों से भून दिया गया था।

अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रव्यापी पोलियो-रोधी अभियान चलाने में जुटे दलों पर खबर पख्तूनख्वा प्रांत के पेशावर, चारसाड्डा, और नौशेरा में हमले किए गए। चारसाड्डा के शाबकदार इलाके में बंदूकधारी ने एक वाहन पर गोलियां चलाईं, जिससे पोलियो-रोधी अभियान की महिला निरीक्षक और उसके चालक की मौत हो गई। सरकारी रेडियो पाकिस्तान की खबर के अनुसार, चारसाड्डा, नौशेरा और पेशावर में तीन अलग-अलग हमलों में पांच लोग घायल हो गए थे।

टीकाकरण दल में शामिल एक स्वयंसेवी पेशावर के दाउदजेई इलाके में हुए हमले में घायल हो गया था। इस स्वयंसेवी को पास के अस्पताल में ले जाया गया था। टीवी चैनलों की खबर के अनुसार, बंदूकधारियों ने महिला स्वास्थ्य कर्मियों को चेतावनी दी थी कि अगर उन्होंने पोलियो रोधी अभियान के साथ काम जारी रखा तो उनकी हत्या कर दी जाएगी। कल पेशावर में एक 14 वर्षीय स्वयंसेवी की मौत और जारी हमलों के बावजूद खबर पख्तूनख्वा के प्रशासन ने पोलियो रोधी अभियान को जारी रखने का फैसला किया है। (एजेंसी)

First Published: Wednesday, December 19, 2012, 16:23

comments powered by Disqus