Last Updated: Monday, January 28, 2013, 21:14
लाहौर : पाकिस्तान के एक वकील ने फिर कहा है कि भारतीय कैदी चंबेल सिंह की मौत जेल कर्मचारियों के हाथों हुई पिटाई के कारण हुई। दूसरी ओर, एक अन्य वकील ने कहा है कि मामले की जांच की मांग को लेकर वह लाहौर उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाएंगे।
बीती 15 जनवरी को लाहौर के जिन्ना अस्पताल के चिकित्सकों ने चंबेल सिंह को मृत घोषित किया था। जासूसी के मामले में पांच साल की सजा पाए सिंह कोट लखपत जेल में बंद थे।
जालसाजी के मामले में कोट लखपत जेल में 42 महीने की सजा काटकर बाहर आए इसाई वकील तहसीन खान ने दावा किया कि जेल कर्मचारियों द्वारा बुरी तरह पीटे जाने के कारण सिंह की मौत हुई। उन्होंने पहले भी यह दावा किया था।
खान ने कहा,‘बीते 15 जनवरी को मैंने जेल के तीन कर्मचारियों को चंबेल सिंह की पिटाई करते देखा। उसे कई बार पीटा गया। मेरा मानना है कि उसकी मौत पिटाई की वजह से हुई।’
जेल के अधिकारियों ने खान के दावे को खारिज करते हुए कहा है कि सिंह की मौत दिल का दौरा पड़ने के कारण हुई मालूम पड़ती है। (एजेंसी)
First Published: Monday, January 28, 2013, 21:14