Last Updated: Tuesday, July 30, 2013, 09:29

लंदन : फ्रांस में अब तक हुई सबसे बड़ी डकैतियों में से एक रविवार को कांस के कार्लटन होटल में हुई जब एक बंदूकधारी वहां करीब चार करोड़ यूरो (5.3 करोड़ डॉलर) मूल्य के हीरे लूटकर फरार हो गया।
यदि रविवार को चोरी हुए हीरों की कीमत सही है तो यह फ्रांस के इतिहास में दूसरी सबसे बड़ी डकैती है। 2008 में पेरिस के हैरी विंस्टन ज्वेलरी शाप में हुई डकैती में आठ करोड़ यूरो मूल्य के हीरे, घड़ियां और अन्य सामाना चोरी हुए थे।
आरंभिक खबरों के अनुसार एक सशस्त्र मोटर साइकिल सवार ने जवाहरातों की एक प्रदर्शनी में प्रवेश कर दिनदहाड़े इस लूट को अंजाम दिया। चोरी करने वाले व्यक्ति ने घटना को अकेले ही अंजाम दिया। इस घटना में कोई हिंसा नहीं हुई। इस बात का पता नहीं चल सका कि प्रदर्शनी में से कितने हीरे चुराए गए। प्रदर्शनी का आयोजक मास्को स्थित लेवियेव डायमंड हाउस है, जिसका मालिक इजरायल का अरबपति लेव लेवियेव है।
आलीशान कार्लटन होटल कांस में एक महत्वपूर्ण सड़क पर भूमध्यसागर के तट पर स्थित है। होटल स्थिति के कारण न केवल सुंदर समुद्री दृश्य दिखाई देता है वरन यह चोरों के लिए भागने का रास्ता भी है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, July 30, 2013, 09:29