Last Updated: Wednesday, April 10, 2013, 08:59
संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र ने दक्षिणी सूडान में आज एक हमले में पांच भारतीय शांति सैनिकों की हत्या की कड़ी निंदा की। संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून और सुरक्षा परिषद इसकी त्वरित जांच की मांग की ताकि हमलावरों को न्याय के कठघरे में लाया जा सके।
दक्षिणी सूडान के जोंगलेई के गुरमुक में एक संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के दौरान भारतीय सैनिकों के 32 सदस्यीय एक काफिले पर हमला किया गया। इस हमले में भारतीय सेना का एक लेफ्टिनेंट कर्नल सहित पांच सैन्यकर्मी शहीद हो गए।
संयुक्त राष्ट्र ने जारी एक बयान में कहा कि 15 देशों वाला सुरक्षा परिषद अज्ञात सशस्त्र व्यक्तियों द्वारा दक्षिणी सूडान में संयुक्त राष्ट्र मिशन पर किये गए हमले की ‘कड़ी निंदा करता है।’ इस हमले में नौ अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घायलों में से कुछ की हालत नाजुक है।
संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के साथ ही सुरक्षा परिषद के सदस्यों ने भी दक्षिणी सूडान सरकार से मांग की कि वह ‘‘घटना की त्वरित जांच करके हमलावरों को न्याय के कठघरे में लाये।’’ बान की मून ने कहा कि वह संयुक्त राष्ट्र काफिले पर हमले से ‘स्तंभित’ हैं । उन्होंने कहा कि शांति सैनिकों की हत्या युद्ध अपराध है और यह अंतरराष्ट्रीय अपराधिक अदालत के न्याय क्षेत्र में आता है।
उन्होंने भारतीय सरकार और हमले में मारे गए शांति सैनिकों, कर्मचारियों और ठेकेदारों के परिवारों के प्रति भी अपनी गहरी संवेदना जतायी। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, April 10, 2013, 08:59