Last Updated: Wednesday, October 17, 2012, 22:08

लीमा : अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि दुनियाभर में महिला कार्यबल की कमी है, जिसके कारण अर्थव्यवस्था को नुकसान हो रहा है।
पेरु की राजधानी लीमा में आर्थिक क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी विषय पर एक अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए हिलेरी ने कहा कि दुनियाभर की अर्थव्यवस्था में महिलाओं की भागीदारी बहुत कम है, जिसके कारण सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) को नुकसान हो रहा है। केवल पूर्वी एशिया में महिलाओं की अर्थव्यवस्था में भागीदारी कम होने के कारण जीडीपी में 40 अरब डॉलर का सालाना नुकसान हो रहा है।
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार, सम्मेलन में हिलेरी के अतिरिक्त पेरु के राष्ट्रपति ओलांटा हुमाला और चिली की पूर्व राष्ट्रपति तथा संयुक्त राष्ट्र के महिला विभाग की कार्यकारी निदेशक मिशेल बैशलेट ने हिस्सा लिया। हिलेरी ने कहा कि कार्यबल में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाकर अमेरिका अपने जीडीपी में नौ प्रतिशत की वृद्धि कर सकता है, जबकि यूरोप के जीडीपी में 13 प्रतिशत की वृद्धि हो सकती है।
बैशलेट ने कहा कि कार्य क्षेत्र में महिलाओं के साथ होने वाला भेदभाव समाप्त किया जाना चाहिए। इसमें राजनीतिक प्रतिबद्धता, शिक्षा, निर्णय-निर्माण के प्रमुख पदों पर उनकी तैनाती तथा अन्य उपाय कारगर साबित हो सकते हैं। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, October 17, 2012, 22:08