Last Updated: Thursday, September 19, 2013, 21:16
काहिरा : मिस्र की सेना ने काहिरा के बाहरी इलाके में स्थित कर्दसा जिले में विद्रोहियों के सफाए के लिए अभियान चलाया है। इलाके में सशस्त्र समूहों और सुरक्षा बलों के बीच संघर्ष जारी है। अल जजीरा के अनुसार इलाके में बख्तरबंद गाड़ियों में सवार सैनिकों को भेजा गया है और सेना के हेलीकाप्टर हवाई गश्त कर रहे हैं। गृह मंत्रालय ने कहा कि संघर्ष में अब तक एक पुलिसकर्मी की मौत हो चुकी है और 48 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अभी 135 लोगों को गिरफ्तार किया जाना बाकी है।
अभियान तड़के तीन बजे शुरू हुआ और अभी भी जारी है। बहरहाल पुलिस ने इलाके पर नियंत्रण स्थापित कर लिया है और कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। सेना द्वारा मुहम्मद मुर्सी को अपदस्थ करने के बाद इलाके में 14 अगस्त को एक पुलिस स्टेशन में आग लगा दी गई थी, जिसमें 11 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। उसके बाद से इस इलाके में पुलिस प्रवेश नहीं कर पाई थी।
बीबीसी के अनुसार मिस्र के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता अब्द अल-लतीफ ने कहा, `गुरुवार सुबह हमने एक बड़ा सैन्य ऑपरेशन शुरू किया है जिसमें हथियारबंद सेना के जवान, केंद्रीय सुरक्षा बल, विशेष सुरक्षा बल और गीजा सुरक्षा बल के जवान कर्दसा भेजे गए हैं। इनका उद्देश्य खतरनाक चरमपंथियों और आपराधिक प्रवृत्ति वाले लोगों को पकड़ना है।`
कर्दसा में सुरक्षाबलों के जवान और अज्ञात बंदूकधारियों के बीच भारी गोलीबारी हुई है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि सुरक्षाबलों के जवान कर्दसा के घरों में मोर्सी के मुस्लिम ब्रदरहुड के सदस्यों की तलाश कर रहे हैं। एक अन्य सरकारी टीवी चैनल के अनुसार कर्दसा में पुलिसकर्मियों की हत्या के लिए जि़म्मेदार होने के आरोपी अहमद उवैस को भी गुरुवार को गिरफ्तार किया गया है। (एजेंसी)
First Published: Thursday, September 19, 2013, 21:16