मिस्र में हिंसा का दौर जारी, 25 पुलिसकर्मियों की हत्या

मिस्र में हिंसा का दौर जारी, 25 पुलिसकर्मियों की हत्या

मिस्र में हिंसा का दौर जारी, 25 पुलिसकर्मियों की हत्या काहिरा : मिस्र में मोहम्मद मुर्सी के समर्थकों और सुरक्षा बलों में चल रही हिंसक झड़पों के बीच आज सीमावर्ती शहर रफाह में चरमपथियों द्वारा घात लगाकर किए गए हमले में कम से कम 25 पुलिसकर्मियों की मौत हो गई। पुलिसकर्मियों पर हुए इस ताजा हमले ने मिस्र की सैन्य समर्थित सरकार के लिए चुनौती बढ़ा दी है क्योंकि मोहम्मद मुर्सी को सत्ता से बेदखल किए जाने के बाद से हिंसा हो रही है।

बीते 14 अगस्त को मुर्सी समर्थकों के प्रदर्शन शिविरों पर सेना की कार्रवाई के बाद से अब तक अब तक की हिंसा में 850 से अधिक लोग मारे गए हैं। फलस्तीनी शहर गाजा से लगे मिस्र के रफाह शहर में दो बसों में सवार पुलिसकर्मियों पर हमला किया गया। हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं।

कैबिनेट की बैठक के बाद जारी बयान में कहा गया, बंदूकधारियों द्वारा हमले मिस्र को अस्थिर करने तथा नागरिको में डर पैदा करने के मंसूबे से किए जा रहे हैं और यह भी उसी का हिस्सा है। रफाह में 25 सुरक्षाकर्मियों की मौत हो गई है। मिस्र की कैबिनेट ने सभी पक्षों से हिंसा नहीं करने, शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करने तथा काननू का पालन करने का आग्रह किया है।

इससे पहले मुस्लिम ब्रदरहुड ने सेना पर उसके समर्थकों की नृशंस हत्याएं करने का आरोप लगाया। यह आरोप ऐसे समय लगाया जब कैद से फरार होने का प्रयास कर रहे कम से कम 36 लोगों की हत्याएं हुईं। उधर, मिस्र के गृह मंत्रालय ने कहा कि कालयुबिया प्रांत में अबु जाबल जेल के लिए 612 लोगों को ले जाते वक्त अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा जेल वाहनों के काफिले और सेना के एक अधिकारी को बंधक बनाने के बाद हुई गोलीबारी में ये लोग मारे गये।

कुछ समय बाद मंत्रालय ने अपने पहले के बयान में संशोधन करते हुए कहा कि कैदियों की मौत आंसू गैस के धुएं से हुई। ये गोले इसलिए चलाए गए क्योंकि भागने का प्रयास कर रहे लोगों ने एक पुलिस अधिकारी को बंधक बनाने का प्रयास किया। इस अधिकारी को छुड़ा लिया गया, लेकिन वह बुरी तरह घायल हो गये।

मंत्रालय ने कहा कि भागने का प्रयास कर रहे गिरफ्तार लोगों पर आंसू गैस के गोले छोड़े गये, जिसके बाद 36 कैदियों की दम घुटने से मौत हो गई। एक बयान में ‘एंटी कू अलायंस’ ने कहा कि उसे हिरासत में लिये गये लोगों की ट्रक में हत्या के सबूत मिले हैं। संगठन ने कहा कि ट्रक में उनकी हत्या कथित रूप से विस्फोटक रखकर और खिड़कियों से उन पर आंसू गैस के गोले चलाकर की गई। (एजेंसी)

First Published: Monday, August 19, 2013, 21:50

comments powered by Disqus