मिस्र : सेना के विरोध में उतरीं महिलाएं - Zee News हिंदी

मिस्र : सेना के विरोध में उतरीं महिलाएं

काहिरा/जेनेवा : मिस्र में महिला प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सशस्त्र बलों के र्दुव्‍यवहार को लेकर देश की महिलाएं मंगलवार को व्यापक विरोध प्रदर्शन करने जा रही हैं।  इस बीच जेनेवा से संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार प्रमुख ने मिस्र में हो रहे हिंसा की निंदा की है।

 

 

मिस्र में एक हालिया प्रदर्शन के दौरान सशस्त्र बलों की सर्वोच्च परिषद (एससीएएफ) ने महिलाओं के साथ जो सलूक किया था उसके खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए महिलाएं मध्य काहिरा के तहरीर चौक में एकत्र होंगी। महिला पत्रकार भी समीप ही अपनी यूनियन का धरना आयोजित करेंगी और वहां से समीप स्थित तहरीर चौक तक जुलूस निकालेंगी। प्रदर्शन मार्च में हुस्नी मुबारक को सत्ता से हटाए जाने के बाद एससीएएफ  द्वारा महिला प्रदर्शनकारियों का कौमार्य परीक्षण किए जाने के विरोध में भी है।

 

 

इस प्रदर्शन की थीम होगी ‘उसके कपड़े खींच कर नहीं निकाले गए बल्कि एससीएएफ का सच उजागर हुआ।’ यह स्पष्ट नहीं है कि प्रदर्शन में कितनी महिलाएं भाग लेंगी लेकिन प्रदर्शन का आह्वान फेसबुक पर किया गया और इसका व्यापक स्वागत किया गया।

 

उधर, जेनेवा में संयुक्त राष्ट्र की मानवाधिकार उच्चायुक्त नवी पिल्लै ने मिस्र की ‘क्रूर हिंसा’ की निंदा की और काहिरा में विरोध प्रदर्शनों के दमन को ‘अमानवीय कृत्य’ करार दिया है। इस हिंसा की संयुक्त राष्ट्र महासचिव बान की मून ने भी निंदा की है। पिल्लै ने कल कहा कि जारी तस्वीरों में दिखाया गया है कि प्रदर्शनकारियों में महिलाएं भी शामिल हैं और उन पर क्रूरता से हमला किया जा रहा है। यह पूरी तरह से चौंकाने वाला है। (एजेंसी)

First Published: Tuesday, December 20, 2011, 11:48

comments powered by Disqus