Last Updated: Wednesday, February 13, 2013, 21:35
ब्रसेल्स : यूरोपीय संघ ने भारत में संसद पर हमले के दोषी अफजल गुरू को फांसी दिये जाने पर अफसोस जताते हुए भारत से मौत की सजा देने के प्रावधान पर रोक लगाने को कहा है। यूरोपीय संघ की विदेश नीति प्रमुख कैथरीन एश्टन ने कहा कि पिछले शनिवार को अफजल गुरू की फांसी का पता चलने पर उन्हें दुख हुआ।
एश्टन ने एक बयान में माना कि संसद पर हमले में जघन्य हत्याएं की गयीं और पीड़ितों के परिवार को परेशानियों का सामना करना पड़ा लेकिन यूरोपीय संघ किसी भी हाल में मौत की सजा के खिलाफ अपने सैद्धांतिक विरोध को दोहराता है।
उन्होंने कहा कि यूरोपीय संघ भारत से मांग करता है कि मृत्युदंड को समाप्त करने के वैश्विक चलन की तर्ज पर मौत की सजा पर रोक लगाई जाए। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को यूरोपीय संघ का समर्थन भी जताया और कहा कि 27 राष्ट्र वाला संघ इस क्षेत्र में भारत के साथ काम करने के लिए आशान्वित है। अफजल को दिसंबर, 2002 में दोषी करार दिया गया था, हालांकि 10 साल बाद उसे फांसी गई। उसे 13 दिसंबर, 2001 को संसद पर हुए हमले के मामले में दोषी करार दिया गया था। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, February 13, 2013, 21:35