लीबिया: सैन्य कार्रवाई खत्म करने पर प्रस्ताव पारित - Zee News हिंदी

लीबिया: सैन्य कार्रवाई खत्म करने पर प्रस्ताव पारित

संयुक्त राष्ट्र : संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने लीबिया के शासक मुअम्मर गद्दाफी के मारे जाने के बाद वहां अंतरराष्ट्रीय सैन्य कार्रवाई को 31 अक्तूबर को खत्म करने के प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया।

 

लीबिया में अंतरराष्ट्रीय सैन्य कार्रवाई खत्म करने के लिए सुरक्षा परिषद ने गुरुवार को एक प्रस्ताव पारित कर कहा कि गद्दाफी के मारे जाने के बाद इस उत्तर अफ्रीकी देश की स्वतंत्रता लोकतांत्रिक, शांतिपूर्ण और समृद्ध भविष्य के लिए एक बेहतर संभावना पेश करती है।

 

सुरक्षा परिषद ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव 2016 पारित कर संयुक्त राष्ट्र के उस आदेश को निरस्त कर दिया, जिसने सैन्य हस्तक्षेप की इजाजत दी थी। अब लीबिया का वायु क्षेत्र भी उड़ान वर्जित क्षेत्र नहीं रहेगा, जिसे इस साल मार्च में लागू किया गया था।

 

मार्च में सैन्य आदेश को मंजूरी देते वक्त संयुक्त राष्ट्र ने सदस्य देशों को लीबिया में नागरिकों की हिफाजत के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने को कहा था।

 

नाटो के सदस्य देशों और अन्य देशों ने विद्रोहियों और गद्दाफी समर्थक सैनिकों के बीच संघर्ष में फंसे लोगों को बचाने के लिए हवाई हमले किए थे। (एजेंसी)

First Published: Friday, October 28, 2011, 17:08

comments powered by Disqus