Last Updated: Tuesday, September 18, 2012, 09:20

तोक्यो : जापानी तटरक्षकों ने मंगलवार को कहा कि उन्होंने कल एक विवादास्पद द्वीप के नजदीक देखी गई चीन की एक नौका को दूर रहने की चेतावनी दी थी। ओकिनावा स्थित तटरक्षक बल के एक प्रवक्ता ने बताया कि चीन की एक गश्ती नौका विवादास्पद द्वीपों में से एक द्वीप के नजदीक देखी गई। इस पर उससे रेडियो के जरिए संपर्क किया गया और उसे दूर रहने की चेतावनी दी गई।
उन्होंने कहा कि यह नौका उओत्सुरिजिमा के 42 किलोमीटर उत्तर पश्चिम में सुबह सात बजे नजर आई। यह पूर्व की तरफ बढ़ रही थी। उल्लेखनीय है कि पूर्वी चीन सागर में दिआओयू नाम के द्वीपों को लेकर चीन और जापान के बीच जबर्दस्त विवाद है। दोनों देश इन द्वीपों पर अपना अपना दावा करते हैं। हाल में जापान द्वारा इन द्वीपों को खरीदे जाने के बाद से समूचे चीन में जापान विरोधी प्रदर्शन हो रहे हैं।
अधिकारियों और खबरों के मुताबिक कैनन तथा होंडा सहित जापान की कई कंपनियों ने चीन स्थित अपने विभिन्न संयंत्रों में काम स्थगित कर दिया है। (एजेंसी)
First Published: Tuesday, September 18, 2012, 09:20