Last Updated: Wednesday, July 11, 2012, 11:58
तोक्यो : जापानी तटरक्षक बल का कहना है कि चीन के तीन गश्त पोतों ने आज क्षेत्रीय तनाव के केन्द्र में मौजूद द्वीपों का रूख किया। यह नया घटनाक्रम दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ा सकता है। तटरक्षक बल ने कहा कि पोतों ने आज तड़के पूर्वी चीन सागर के मौजूद द्वीपों के आस पास जापानी जल क्षेत्र में प्रवेश किया।
इन तीन चीनी पोतों की पहचान ‘युझेंग 35001’, ‘युझेंग 204’ और ‘युझेंग 202’ के रूप में हुई है।
तटरक्षक बल ने कहा कि हम मांग कर रहे हैं कि ये पोत हमारे जल क्षेत्र को तुरंत छोड़कर चले जाएं। उन्होंने कहा कि यह बात राजनयिक माध्यम से विदेश मंत्रालय को भी बता दी गई है। यह घटना ऐसे समय हुई है जब द्वीपों को लेकर दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ रहा है। यह क्षेत्र मछली उत्पादन और खनन के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जाता है।
तोक्यो कह चुका है कि वह द्वीपों की इस श्रृंखला को अपने निजी जापानी मालिक से खरीद सकता है। तोक्यो महानगर सरकार का कहना है कि उसने इन्हें खरीदने के लिए देशभर से दान के रूप में 1 . 63 करोड डालर जुटाए हैं।
बीजिंग ने तोक्यो के इस कदम का कड़ा विरोध करते हुए कहा है कि जापान का इन द्वीपों को खरीदने का कोई अधिकार नहीं है। नोमपेन्ह में आसियान फोरम के इतर जापान और चीन के विदेश मंत्रियों के बीच आज मुलाकात होने की संभावना है। (एजेंसी)
First Published: Wednesday, July 11, 2012, 11:58