Last Updated: Friday, March 15, 2013, 19:57
कोलंबो : श्रीलंका ने नौसेना द्वारा हिरासत में लिए गए 53 भारतीय मछुआरों में से 34 को शुक्रवार को रिहा कर दिया। नौसेना ने इन मछुआरों को बुधवार को हिरासत में लिया था।
मछुआरों को डेल्फट में भारतीय अधिकारियों के हवाले किया गया जहां से उन्हें जफना ले जाया जाएगा। रिहा किए गए मछुआरे अपनी स्वदेश वापसी तक जफना में रखे जाएंगे।
अधिकारी ने कहा, ‘कोलंबो स्थित भारतीय उच्चायुक्त के कठिन परिश्रम और जफना के महावाणिज्य दूत की कोशिशों के कारण ही 34 मछुआरों को डेल्फट में रिहा किया गया है। अन्य मछुआरों की रिहाई के लिए भी मिशन श्रीलंकाई अधिकारियों के साथ संपर्क में है।’
श्रीलंका की नौसेना ने श्रीलंका की समुद्री सीमा में अनाधिकार प्रवेश और उसमें मछली पकड़ने के आरोप में कल 34 मछुआरों को जफना के पास डेल्फट से गिरफ्तार किया था, जबकि 19 मछुआरों को बुधवार को मन्नार के पास गिरफ्तार किया गया।
इन गिरफ्तारियों के बाद भारतीय विदेश मंत्रालय ने नयी दिल्ली में कल श्रीलंका के उप उच्चायुक्त को बुलाया था।
उप उच्चायुक्त को कहा गया था कि मछुआरों के साथ मानवतापूर्ण व्यवहार किया जाना चाहिए और श्रीलंकाई नौसेना को उनके खिलाफ कार्रवाई करने से रोका जाना चाहिए। उनसे यह भी कहा गया कि श्रीलंका मछुआरों की घर वापसी को भी सुनिश्चित करे। (एजेंसी)
First Published: Friday, March 15, 2013, 19:57