Last Updated: Monday, June 25, 2012, 09:34

मास्को : रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने कहा है कि रूस सीरिया को जंगी जहाजों की आपूर्ति नहीं कर रहा है बल्कि उसने हेलीकॉप्टरों के अलग-अलग भागों की मरम्मत के बाद उन्हें एमवी एलेड जहाज से वहां भेजा था।
लावरोव ने रविवार को रोजिया-1 टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा, हम कोई बहाना नहीं बना रहे हैं क्योंकि हमने किसी नियम का उल्लंघन नहीं किया है।
उन्होंने कहा, हमने न तो अंतर्राष्ट्रीय कानून न ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों और न ही निर्यात नियंत्रण पर अपने राष्ट्रीय कानूनों का उल्लंघन किया है।
पश्चिमी मीडिया में आई कुछ खबरों में कहा जा रहा है कि रूसी जहाज ने सीरिया को हथियारों व विस्फोटकों की आपूर्ति की।
उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच एक समझौता हुआ था, जिसके तहत सोवियत काल के हेलीकॉप्टरों की मरम्मत होनी थी। ये हेलीकॉप्टर रूस भेजे गए और इनकी मरम्मत हुई फिर इन्हें सीरिया को भेजा गया।
पिछले सप्ताह अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने दावा किया था कि रूस सीरिया को हथियारों की आपूर्ति कर रहा है। उन्होंने कहा कि सीरिया में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ इनका इस्तेमाल किया जाएगा। (एजेंसी)
First Published: Monday, June 25, 2012, 09:34