सेशल्स पहुंची राष्ट्रपति, भव्य स्वागत - Zee News हिंदी

सेशल्स पहुंची राष्ट्रपति, भव्य स्वागत

विक्टोरिया (सेशल्स) : राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का आज अपनी दो देशों की यात्रा के तहत यहां पहुंचने पर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। इस यात्रा का मकसद अफ्रीकी देशों के साथ मित्रतापूर्ण संबंधों को मजबूत करना है। माहे हवाई अड्डे पर प्रतिभा का उनके समकक्ष जेम्स एलिक्स मिशेल ने स्वागत किया। यह भारत के राष्ट्रपति के रूप में प्रतिभा पाटिल की संभवत: अंतिम यात्रा होगी जो 25 जुलाई को सेवानिवृत्त हो रही हैं। प्रतिभा सेशल्स में दो दिन रूकेंगी। इसके बाद वह दक्षिण अफ्रीका की एक सप्ताह की यात्रा पर रवाना होगी।

 

भारत के किसी राष्ट्रपति की हिंद महासागर में स्थित रणनीतिक दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण सेशल्स की यह दूसरी यात्रा है। इससे पहले राष्ट्रपति आर वेंकटरमन वर्ष 1989 में सेशल्स की यात्रा पर आये थे। सेशल्स में प्रतिभा मिशेल के साथ मुलाकात करेंगी। इस बैठक के दौरान द्विपक्षीय संबंधों के विभिन्न पहलुओं और क्षेत्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर चर्चा हो सकती है।

 

राष्ट्रपति नेशनल असेंबली के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी जो इस यात्रा की जो मुख्य विशेषता है। प्रतिभा की दक्षिण अफ्रीका यात्रा इस बात का संकेत है कि नई दिल्ली का प्रिटोरिया के साथ संबंध प्रगाढ़ हो रहे हैं।  भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच व्यापार वर्ष 2010-11 में 11 अरब डालर रहा जिसमें आयात सात अरब डालर और निर्यात चार अरब डालर था। इस व्यापार को वर्ष 2014 तक 15 अरब डालर तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। राष्ट्रपति के साथ गए प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट, सांसद प्रभा ठाकुर और संजय शामरा धोत्रे शामिल हैं। (एजेंसी)

First Published: Sunday, April 29, 2012, 19:02

comments powered by Disqus