109 नागरिकों को मिलेगा पद्म सम्‍मान - Zee News हिंदी

109 नागरिकों को मिलेगा पद्म सम्‍मान


नई दिल्ली : देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्म अलंकरणों की बुधवार को घोषणा कर दी गई। विभिन्न श्रेणियों में 109 लोगों को पद्म सम्मान से नवाजने की घोषणा की गई। इनमें आठ अनिवासी भारतीय और दो विदेशी भी शामिल हैं।

 

कला, संगीत, चिकित्सा, लोकसेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पांच नागरिकों को पद्म विभूषण से नवाजने की घोषणा की गई, जबकि कला, समाज सेवा, चिकित्सा, साहित्य एवं शिक्षा सहित विभिन्न क्षेत्रों में 27 नागरिकों को पद्म भूषण और 77 नागरिकों को पद्मश्री से सम्मानित करने की घोषणा की गई।

 

भूपेन हजारिका और मारियो डि मिरांडा को कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए मरणोपरांत पद्म विभूषण दिए जाने की घोषणा की गई। साथ ही के. जी. सुब्रह्मण्यम को भी कला के क्षेत्र में ही इस सम्मान से नवाजे जाने की घोषणा की गई। डा. कांतिलाल हस्तीमाल संचेती को चिकित्सा और टीवी राजेश्वर को लोक सेवा के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पद्म विभूषण देने की घोषणा की गई।

 

पद्म भूषण के लिए जिन नामों की घोषणा की गई है, उनमें कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए शबाना आजमी, खालिद चौधरी, जतिन दास, बुद्धदेव दास गुप्ता, धर्मेद्र, मीरा नायर, एम. एस. गोपालकृष्णन, अनीस कपूर के नाम विशेष रूप से उल्लेखनीय हैं। वहीं, गायक फरीदुद्दीन डागर और थियेटर कलाकार जॉय माइकल सहित 22 लोगों को कला के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान के लिए पद्मश्री सम्मान से नवाजने की घोषणा की गई।

 

इस श्रेणी में सम्मान पाने वाले अन्य वनराज भाटिया, एनआई देवी, आरएसएच चित्तानी, मोहनलाल कुम्हार, शाहिद परवेज खान, मोहन लाल कुम्हार, एसके मंगानियर, मिनाती मिश्रा, नातेसन मुथुस्वामी, आर. नगराथम्मा, के.एस. नम्बूतिरी, वाई. वायकर, सतीश अलेकर, गोपाल प्रसाद दूबे, रमाकांत गुंडेचा, उमाकांत गुंडेचा, अनूप जलोटा, सोनम नायर प्रियदर्शन, सुनील जनाह, लैला तैयबजी और विजय शर्मा शामिल हैं।

(एजेंसी)

First Published: Wednesday, January 25, 2012, 17:44

comments powered by Disqus