Last Updated: Saturday, April 6, 2013, 14:51
ज़ी न्यूज़ ब्यूरोनई दिल्ली : आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा में प्रधानमंत्री पद के लिए नरेंद्र मोदी की उम्मीदवारी के साथ अब वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी का नाम फिर से उछाला गया है।
शनिवार को अशोक रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में पार्टी के स्थापना दिवस पर आयोजित एक समारोह में दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने कहा कि 2014 में लालकृष्ण आडवाणी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी। प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने जिस समय यह बात कही उस समय मंच पर लालकृष्ण आडवाणी और पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह मौजूद थे। हालांकि थोड़ी देर बाद ही गोयल अपने बयान से यह कहते हुए पलट गए कि प्रधानमंत्री चुनने का अधिकार उन्हें नहीं है। लेकिन विजय गोयल के इस उछाले गए जुमले पर राजनाथ और आडवाणी ने कोई प्रतिक्रिया व्यक्त नहीं की।
समारोह को संबोधित करते हुए आडवाणी ने कहा कि भाजपा की स्थापना आज ही के दिन 1980 में हुई थी, लेकिन इस दल की राजनीतिक यात्रा जनसंघ से 1951 में शुरू हुई थी। उन्होंने कहा कि भाजपा सांस्कृतिक आंदोलन का एक हिस्सा है। यह पार्टी अन्य दलों से अलग है। आडवाणी ने यह भी कहा कि मेरी सोच में भाजपा को जो होना चाहिए, भाजपा अभी वैसी नहीं है।
First Published: Saturday, April 6, 2013, 14:25