Last Updated: Friday, November 11, 2011, 17:04
मुंबई : अदन की खाड़ी में गश्त कर रही भारतीय नौसेना ने वाणिज्यिक पोतों पर हमले के एक प्रयास को नाकाम करते हुए 26 सोमालियाई जलदस्युओं को पकड़ा है और उनसे हथियार बरामद किए हैं। नौसेना ने गुरुवार को जलदस्युओं के हमले को नाकाम कर दिया। सितंबर से नौसेना की यह पांचवीं सफल कार्रवाई है।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, रक्षा कैप्टन मनोहर नांबियार ने बताया कि नौसेना के युद्धपोत आईएनएस सुकन्या पर तैनात जवानों ने पांच नौकाओं को संदेहास्पद स्थिति में देखा। उन्होंने बताया कि युद्धपोत ने तत्काल अपना रुख उस दिशा में कर लिया और उन्हें चुनौती दी।
प्रतिरोध को देखते हुए जलदस्यु भागने का प्रयास करने लगे। पांच नौकाओं में दो भागने में सफल रहीं जबकि आईएनएस सुकन्या ने तीन नौकाओं को पकड़ लिया। नौसैनिकों ने 26 सोमालियाई जलदस्युओं को पकड़ लिया और उनसे छह एके 47 राइफलें, 12 मैग्जीन और करीब 300 राउंड गोलियां बरामद की।
(एजेंसी)
First Published: Friday, November 11, 2011, 22:35