Last Updated: Monday, October 29, 2012, 23:10

मुंबई : अन्ना हजारे और पूर्व सेना प्रमुख जनरल वी. के. सिंह के संयुक्त संवाददाता सम्मेलन से झलक मिल रही है कि सिंह ने पुरानी टीम अन्ना के अरविन्द केजरीवाल का स्थान ले लिया है। सम्मेलन के दौरान सिंह ने अन्ना से पूछे गए कई सवालों का जवाब दिया और भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन की नयी नीतियों के बारे में बताया। वह अन्ना हजारे से पूछे जा रहे टेढ़े सवालों का स्वयं जवाब दे रहे थे और खुद अपनी ओर से सफाई दे रहे थे। हजारे भी सेना में रहे हैं और पूरे देश की यात्रा करने की योजना की घोषणा के वक्त जनरल के लिए उनका सम्मान देखा जा सकता था।
हजारे ने कहा, हम सिर्फ दो लोग नहीं हैं। हमारे आंदोलन के समर्थन में लाखों और करोड़ों लोग सड़कों पर उतर आएंगे। जनरल सिंह ने कहा, वर्तमान सरकार प्रणाली ने पूरी तरह से संविधान की आत्मा का उल्लंघन किया है। संविधान के भाग चार, राज्य के नीति निर्देशक तत्वों को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। सिर्फ सरकार ही नहीं बल्कि विपक्षी भी इस मुद्दे पर चुप हैं। उन्होंने कहा कि यहां सवाल यह उठता है कि संविधान के मूल दर्शन को नजरअंदाज करने का अधिकार किसने दिया है ? सरकारी नीतियां गरीबों की बेहतरी के लिए होनी चाहिए लेकिन किसी भी तरह इन्हें निजी कंपनियों के लिए लाभदायी बनाया जा रहा है। संसद में कोई इन नीतियों पर सवाल नहीं उठा रहा है। (एजेंसी)
First Published: Monday, October 29, 2012, 23:10