Last Updated: Friday, December 7, 2012, 19:47
गुड़गांव: सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे को एसिडिटी और कमजोरी की शिकायत के बाद गुड़गांव के मेदांता अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में भर्ती कराया गया। एक चिकित्सक ने शुक्रवार को बताया कि अन्ना की हालत अब स्थिर है।
अन्ना को पहले इमरजेंसी वार्ड में भर्ती किया गया और बाद में आईसीयू में ले जाया गया। अन्ना ने शुक्रवार सुबह एसिडिटी, खांसी और कमजोरी की शिकायत बताई। उन्हें गुड़गांव के सेक्टर 38 स्थित मेडिसिटी मेदांता में भर्ती कराया गया।
मेदांता अस्पताल के एक वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा कि उनकी हालत स्थिर है और उनका स्वास्थ्य पहले से ठीक है। हालत सुधर रही है। उन्हें बीमारी के कारण नहीं, बल्कि कुछ निजी कारणों से आईसीयू में रखा गया है। अन्ना हजारे नौ दिसम्बर को अन्ना समन्वय समिति की हरियाणा इकाई के सदस्यों से मुलाकात करने वाले हैं।
टीम अन्ना के पूर्व सदस्य एवं आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल ने भी अन्ना के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
केजरीवाल ने कहा कि अन्ना अस्पताल में हैं। मैं उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं, काश मैं वहां जाता और उनसे मिल सकता।
इंडिया अगेंस्ट करप्शन (आईएसी) के संस्थापक 75 वर्षीय अन्ना हजारे तीन दिसम्बर से ही राष्ट्रीय राजधानी में हैं। उन्होंने दिसम्बर 2010 में संगठन बनाया था। वह गरीबों और मध्यवर्ग के लोगों को भ्रष्टाचार के खिलाफ एकजुट करने का अभियान चला रहे हैं। उन्होंने मजबूत जन लोकपाल विधेयक के लिए पिछले वर्ष नई दिल्ली में कई बार अनशन और प्रदर्शन किया था। (एजेंसी)
First Published: Friday, December 7, 2012, 19:47