Last Updated: Thursday, June 20, 2013, 23:36

मुंबई : सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने गुरुवार को लोकपाल विधेयक के मुद्दे पर संप्रग सरकार पर अपनी पीठ में छुरा भोंकने का आरोप लगाते हुए मजबूत भ्रष्टाचार निरोधक कानून के वास्ते दबाव बनाने के लिए दो अक्तूबर से एक बार फिर अनशन पर बैठने की चेतावनी दी।
75 वर्षीय सामाजिक कार्यकर्ता ने ‘‘जन लोकपाल विधेयक’’ को संसद में पारित कराना सुनिश्चित करने में केंद्र की असफलता पर निराशा जताते हुए कहा कि सरकार ने इस मुद्दे पर ‘उनकी पीठ में छुरा भोंका’ है जिसे लेकर वर्ष 2011 के बाद से वह दिल्ली और मुम्बई में कई बार अनशन पर बैठ चुके हैं।
अन्ना हजारे ने यहां एक कार्यक्रम के इतर संवाददाताओं से कहा कि मैं एक बार फिर दो अक्तूबर से दिल्ली के रामलीला मैदान में अनशन पर बैठूंगा। हजारे पूर्व में भी वर्ष 2011 में किए गए वादे के अनुरूप मजबूत लोकपाल विधेयक पारित कराने में विफल रहने के लिए कांग्रेस नीत सरकार की कई बार निंदा कर चुके हैं।
उन्होंने कुछ सप्ताह पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को एक पत्र लिखकर सरकारी संस्थानों में भ्रष्टाचार रोकने के लिए मजबूत कानून में बनाने में सरकार की अक्षमता पर अपनी निराशा जताई थी। (एजेंसी)
First Published: Thursday, June 20, 2013, 23:36