Last Updated: Monday, August 26, 2013, 15:14

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री सुशील कुमार शिंदे ने सोमवार को कहा कि उन्हें आसाराम बापू से जुड़े कथित यौन उत्पीड़न मामले की जानकारी नहीं है। लोकसभा में लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के अध्यक्ष राम विलास पासवान ने इस मामले को उठाते हुए आसाराम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। आसाराम पर एक नाबालिग ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है।
शिंदे ने कहा कि माननीय सदस्य ने आसाराम बापू के बारे में जिक्र किया। ये सभी राज्य के मामले हैं और मुझे इस बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि जब भी हमें संबंधित राज्य से जुड़ी कोई जानकारी मिलेगी, हम इसे सदन के साथ साझा करेंगे।
16 वर्षीय लड़की द्वारा आसाराम के खिलाफ यौन उत्पीड़न का मामला दर्ज कराए जाने पर पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस भेजा है। लड़की ने जोधपुर में उनके आश्रम में उसका उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाया है। आसाराम हालांकि, इस आरोप से इंकार कर रहे हैं। (एजेंसी)
First Published: Monday, August 26, 2013, 15:14