इतालवी नौसैनिक भारत लौटे, सौंपा पासपोर्ट

इतालवी नौसैनिक भारत लौटे, सौंपा पासपोर्ट

कोच्चि/कोल्लम : केरल में दो भारतीय मछुआरों की गोली मार कर हत्या करने के आरोपी दो इतालवी नौसैनिक अपने परिवार के साथ क्रिसमस मनाने के बाद आज सुबह विशेष विमान से यहां लौट आए और उन्होंने कोल्लम की अदालत को अपने पासपोर्ट सौंप दिये।

मासिमिलियानों लातोरे और सैल्वातोरे गिरोने शुक्रवार सुबह 7.50 बजे पर विशेष विमान से कोच्चि पहुंचे। उच्च न्यायालय ने दोनों को दो सप्ताह के लिए घर जाने की अनुमति दी थी। दोनों नौसैनिकों को पिछले साल 19 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। उन पर आरोप है कि उन्होंने अपने वाणिज्यिक पोत ‘एनरिका लेक्सी’ से अलपुझा के तट पर दो भारतीय मछुआरों अजेश बिंकी (25) और जेलेस्टाइन (45) को सोमाली दस्यु समझ कर गोली मार दी थी जिससे दोनों की मौत हो गई थी।

दोनों नौसैनिकों को सीधे कोल्लम अदालत ले जाया गया जहां उन्होंने अपने पासपोर्ट सौंपे। अदालत ने उन्हें भारत लौटते ही पासपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया था। अदालती प्रक्रिया के तहत, दोनों नौसैनिकों ने जिला और सत्र न्यायाधीश पी डी राजन की अदालत में हलफनामा दाखिल किया कि उन्होंने न केवल अदालत को दिए गए भरोसे को पूरा किया बल्कि अदालत द्वारा निर्धारित समय सीमा से कुछ दिन पहले ही भारत लौट आए। (एजेंसी)

First Published: Friday, January 4, 2013, 20:31

comments powered by Disqus