उ. भारत में कड़ाके की ठंड, यूपी में 26 मौतें

उ. भारत में कड़ाके की ठंड, यूपी में 26 मौतें

उ. भारत में कड़ाके की ठंड, यूपी में 26 मौतेंज़ी न्‍यूज ब्‍यूरो/एजेंसी

दिल्‍ली/लखनऊ/पटना : पूरे उत्‍तर भारत में कड़ाके की ठंड के चलते लोगों को खासा मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। जगह-जगह कोहरे की मार के चलते ट्रेनों व हवाई यातायात पर खासा असर पड़ा है। जानकारी के अनुसार, दिल्‍ली आने-जाने वाली करीब 39 ट्रेनों के परिचालन पर असर पड़ा है और ये ट्रेनें लेट चल रही हैं। राजधानी दिल्‍ली में भी कोहरा व ठंड के चलते आम लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।

वहीं, उत्तर प्रदेश में शीतलहर व घने कोहरे की वजह से बीते 24 घंटे में 26 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। राजधानी लखनऊ सहित राज्य के अन्य शहरों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। घने कोहरे की वजह से रेल एवं हवाई सेवाओं पर भी इसका खासा असर पड़ा है। जबर्दस्त शीतलहर और ठंड की वजह से बीते 24 घंटों में प्रदेश में अलग-अलग हिस्सों में 26 लोग अपनी जान गवां चुके हैं।

आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक राज्य में शीतलहर और ठंड की वजह से गोरखपुर-बस्ती मंडल में छह, जौनपुर और बलिया में चार-चार, मिर्जापुर में दो तथा आजमगढ, भदोही, चंदौली, वाराणसी में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई है। इसके अलावा रविवार देर रात घने कोहरे की वजह से आगरा में हुए अलग-अलग सड़क हादसों में छह लोगों की मौत हो गई। कोहरे की वजह से राजधानी आने वाली रेलगाड़ियों को अलग-अलग स्टेशनों पर रोककर चलाया गया, जिससे यात्रियों को अपना आठ घंटे का सफर 16 घंटे में तय करना पड़ा।

रेलवे के एक अधिकारी के मुताबिक घने कोहरे की वजह से पंजाब एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, त्रिवेणी एक्सप्रेस, ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस, पटना-मथुरा एक्सप्रेस, गोरखधाम और बेगमपुरा एक्सप्रेस कई घंटो की देरी से चल रही हैं। अधिकारियों के मुताबिक इसके अलावा भी वैशाली एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस, बाघ एक्सप्रेस सहित करीब चार दर्जन रेलगाड़ियों का परिचालन प्रभावित हुआ।

रेलवे के अलावा राजधानी में स्थित चौधरी चरण सिंह हवाईअड्डे पर विमान सेवाओं पर भी कोहरे का असर दिखाई दिया। कोहरे की वजह से हवाईअड्डे पर चार उड़ानें प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में इस मौसम में पहली बार अधिकतम तापमान में 11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखी गई है। रविवार को दिनभर धूप न निकलने की वजह से ही अधिकतम पारे में जबर्दस्त गिरावट दर्ज की गई। रविवार को राजधानी का अधिकतम तापमान सामान्य से 11 डिग्री नीचे 11.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। न्यूनतम तापमान 5.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उप्र मौसम विभाग के निदेशक जे.पी. गुप्ता ने बताया कि वायुमंडल में अधिकतम आर्द्रता स्तर लगभग 100 प्रतिशत बना हुआ है, जिसके चलते अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बरकरार रहेगी।

उधर, पटना सहित पूरा बिहार इन दिनों कोहरे और शीतलहर की चपेट में है। कोहरे के कारण धूप नहीं निकल रही है और सर्द हवाओं ने ठंड और भी बढ़ा दी है। पटना मौसम विज्ञान केन्द्र के मुताबिक सोमवार की सुबह गया का तापमान नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पटना का न्यूनतम तापमान 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना का रविवार को अधिकतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस और गया का 18.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई इलाकों में तापमान सामान्य से नीचे गिर गया है जिससे लोगों को परेशानी हो रही है। आने वाले दो दिनों में भी लोगों को कोहरे और शीतलहर से निजात मिलने की सम्भावना नहीं है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कम अंतर होने के कारण लोगों को ठंड से राहत नहीं मिल रही है।

First Published: Monday, December 24, 2012, 11:48

comments powered by Disqus