उ. भारत में बारिश का कहर, जम्मू में 5 की मौत

उ. भारत में बारिश का कहर, जम्मू में 5 की मौत

नई दिल्ली : जम्मू में वर्षाजनित घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई और उत्तर भारत के कई भागों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। बारिश के कारण कई जगह भूस्खलन और बाढ़ के हालात हैं। भारी बारिश के कारण राजधानी दिल्ली में कई जगह जलभराव हुआ जिससे यातायात बाधित रहा।

सुबह साढे आठ बजे से शाम साढे पांच बजे के बीच दिल्ली में 24 . 6 मिमी बारिश हुई और अधिकतम तापमान 29 जबकि न्यूनतम तापमान 25. 5 डिग्री सेल्सियस रहा।

जम्मू में बारिश से जुड़ी घटनाओं में तीन महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हुई जबकि नौ अन्य घायल हो गये। उधमपुर जिले के बारमीन गांव में भारी बारिश के कारण एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे एक महिला और दो बच्चों की मौत हो गई। कठुआ में हुई एक अन्य घटना में दो महिलाएं बाढ़ के पानी में बह गईं।

उत्तर प्रदेश में बड़ी नदियां खतरे के निशाने से उपर बह रही हैं और राज्य के ज्यादातर भागों में मानसून बारिश जारी है। अमेठी और हाथरस में आठ-आठ सेमी बारिश हुई जो राज्य में सबसे ज्यादा थी। मथुरा में सात सेमी बारिश दर्ज हुई।

केन्द्रीय जल आयोग ने कहा कि गंगा नदी फतेहगढ़ में खतरे के निशाने से उपर बह रही है। उधर, सूखे की स्थिति से जूझ रहे हरियाणा और पंजाब में भी झमाझम बारिश से लोगों के चेहरे खिल गये। (एजेंसी)

First Published: Saturday, August 25, 2012, 23:55

comments powered by Disqus