उ. भारत में भीषण गर्मी, पारा 40 के पार - Zee News हिंदी

उ. भारत में भीषण गर्मी, पारा 40 के पार

नई दिल्ली : उत्तर भारत में भीषण गर्मी का दौर लगातार जारी है। दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, झारखण्ड, बिहार एवं मध्य प्रदेश में तापमान लगातार 40 के ऊपर बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक गर्मियों से राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं।

 

दिल्ली में सोमवार सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, अधिकतम तापमान 42 डिग्री तक पहुंचने की सम्भावना है। सुबह 8.30 बजे आद्रर्ता 34 फीसदी दर्ज की गई। रविवार को राजधानी में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस था।

 

उत्तर प्रदेश में भी तपिश और झुलसाने वाली गर्मी का सिलसिला शनिवार को जारी है। प्रदेश में अधिकतम तापमान लगातार 44 डिग्री सेल्सियस के ऊपर बना हुआ है। बीते 24 घंटों के दौरान इलाहाबाद का अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस, रायबरेली का 43.0 डिग्री सेल्सियस, वाराणसी का 42.9 डिग्री सेल्सियस और राजधानी लखनऊ का 42.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

 

सोमवार सुबह राजधानी लखनऊ का न्यूनतम तापमान 23.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से दो डिग्री कम था। मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आस-पास दर्ज होने की सभावना जताई गई है।

 

मध्य प्रदेश में भी तापमान में जारी उतार-चढ़ाव और बढ़ती गर्मी के बीच कई हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं। राज्य में अब भी तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ है। रविवार को राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 41.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 40.8 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 42.1 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस था। मौसम विभाग के क्षेत्रीय कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार आगामी 24 घटों में राज्य के उत्तरी हिस्से में बारिश हो सकती है। विभाग के अनुसार बारिश के बावजूद राज्य के शेष हिस्सों में तापमान 40 के पार बना रहेगा।

 

बिहार में सोमवार को भी मौसम के मिजाज में कोई खास बदलाव नहीं हुआ। राज्य में भयंकर तपिश का दौर बदस्तूर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम में किसी विशेष बदलाव की सम्भावना नहीं है।

 

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार सोमवार को सुबह पटना, भागलपुर और मुजफ्फरपुर का न्यूनतम तापमान 27.8-27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पूर्णिया का सुबह का तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस था। केंद्र के मुताबिक रविवार को पटना का अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

 

केंद्र के निदेशक ए.के. सेन ने सोमवार को बताया कि अगले दो दिनों में मौसम में कोई खास बदलाव की सम्भावना नहीं है। उन्होंने कहा कि रात में तापमान की कमी से लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी परंतु दिन के तापमान में कोई कमी आने की सम्भावना नहीं है।  (एजेंसी)

First Published: Monday, May 21, 2012, 18:33

comments powered by Disqus